मैदान में फिर उतरेंगे शुभमन गिल, लेकिन फैंस की एंट्री पर रोक, टीवी पर भी नहीं होगा प्रसारण; जानें वजह

Shubman Gill In VHT: भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज़ शुभमन गिल का अगला घरेलू मुकाबला दर्शकों की गैरमौजूदगी में खेला जाएगा. विजय हजारे ट्रॉफी के तहत शनिवार को जयपुरिया कॉलेज के मैदान पर सिक्किम के खिलाफ पंजाब की टीम मैदान में उतरेगी, लेकिन इस मैच में आम दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी.

Shubman Gill will enter the field again ban on the entry of fans not be telecast even on TV
Image Source: Social Media

Shubman Gill In VHT: भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज़ शुभमन गिल का अगला घरेलू मुकाबला दर्शकों की गैरमौजूदगी में खेला जाएगा. विजय हजारे ट्रॉफी के तहत शनिवार को जयपुरिया कॉलेज के मैदान पर सिक्किम के खिलाफ पंजाब की टीम मैदान में उतरेगी, लेकिन इस मैच में आम दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. इससे पहले विराट कोहली भी अपने दोनों विजय हजारे ट्रॉफी मुकाबले बिना दर्शकों के खेल चुके हैं.

बीसीसीआई के मुताबिक, शुभमन गिल और भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पंजाब की ओर से लगातार दो मुकाबलों में हिस्सा लेंगे. पंजाब की टीम 3 जनवरी को सिक्किम और 6 जनवरी को गोवा के खिलाफ मैदान में उतरेगी. गोवा के खिलाफ होने वाला मुकाबला जयपुर के केएल सैनी स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि सिक्किम के खिलाफ मैच कॉलेज ग्राउंड पर आयोजित किया जा रहा है.

सुरक्षा और बैठने की सुविधा बनी वजह

बीसीसीआई से जुड़े सूत्रों के अनुसार, जयपुरिया कॉलेज के मैदान पर दर्शकों के बैठने और सुरक्षा से जुड़ी पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं हैं. इसी वजह से इस मुकाबले को बंद दरवाजों के पीछे कराने का फैसला लिया गया है. हालांकि, कॉलेज के छात्र और स्टाफ को मैदान में मौजूद रहने की अनुमति दी गई है. सुरक्षा व्यवस्था के तहत बाउंसर्स भी तैनात किए जाएंगे ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो.

बाहरी लोगों के लिए एंट्री बंद

बीसीसीआई सूत्रों ने साफ किया है कि कॉलेज परिसर में किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश की इजाजत नहीं दी जाएगी. मैच का कार्यक्रम पहले से तय था और इसमें आखिरी वक्त पर कोई बदलाव नहीं किया गया. इससे पहले रोहित शर्मा की मौजूदगी के चलते मुंबई का एक मैच भी स्टेडियम बदलकर आयोजित करना पड़ा था, ताकि भीड़ को संभाला जा सके.

टीवी और लाइव स्ट्रीमिंग भी नहीं होगी

जिस तरह विराट कोहली और रोहित शर्मा के घरेलू मुकाबले टीवी या डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित नहीं किए गए थे, उसी तरह शुभमन गिल का यह मैच भी न तो टेलीविजन पर दिखाया जाएगा और न ही किसी लाइव स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा. इससे फैंस को गिल का प्रदर्शन देखने के लिए स्कोरकार्ड पर ही निर्भर रहना पड़ेगा.

गिल और अर्शदीप के पहुंचने में देरी

शुभमन गिल और अर्शदीप सिंह के शुक्रवार देर रात तक जयपुर पहुंचने की संभावना है. बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार, खराब मौसम के कारण उनकी फ्लाइट में देरी हुई है. हालांकि, मौसम में सुधार होने पर दोनों खिलाड़ियों के देर रात तक टीम से जुड़ने की उम्मीद है.

पंजाब की टीम पर रहेंगी निगाहें

शुभमन गिल और अर्शदीप सिंह की मौजूदगी से पंजाब की टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है. भले ही दर्शक मैदान में मौजूद न हों, लेकिन दोनों स्टार खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर क्रिकेट जगत की नजरें जरूर टिकी रहेंगी.

ये भी पढ़ें- चीन के सीजफायर वाले दावे पर भारत का करारा जवाब, पाकिस्तान को भी जमकर सुनाया