King Overseas Theatrical Rights Deal: बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं. साल 2023 में 'पठान', 'जवान' और 'डंकी' जैसी फिल्मों से बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाने के बाद अब फैंस को उनकी अगली फिल्म 'किंग' का इंतजार है. फिल्म रिलीज होने से पहले ही चर्चा में आ गई है. इसकी वजह सिर्फ शाहरुख खान की वापसी नहीं, बल्कि विदेशों में हुई एक बड़ी डिस्ट्रीब्यूशन डील भी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'किंग' के ओवरसीज थिएट्रिकल राइट्स 175 करोड़ रुपये में बेचे गए हैं. अगर यह आंकड़ा सही है, तो फिल्म ने रिलीज से पहले ही भारतीय सिनेमा के ओवरसीज कारोबार में नया रिकॉर्ड बना दिया है.
शाहरुख खान की 'किंग' के ओवरसीज राइट्स की हुई बड़ी डील
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, फार्स फिल्म्स ने शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' के विदेशी थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 175 करोड़ रुपये यानी 18 मिलियन डॉलर से ज्यादा में हासिल किए हैं. बताया जा रहा है कि यह रकम मिनिमम गारंटी के तौर पर दी गई है. अब तक शाहरुख खान की फिल्मों के ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी अक्सर यशराज फिल्म्स (YRF) के पास रहती थी.
साल 2023 में यशराज फिल्म्स ने शाहरुख खान की 'पठान' और 'जवान' को डिस्ट्रीब्यूट किया था. दोनों फिल्मों ने दुनियाभर में शानदार प्रदर्शन किया था. वहीं, फार्स फिल्म्स भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में फिल्मों के वितरण का अनुभव रखती है. कंपनी यशराज फिल्म्स के साथ कई फिल्मों पर काम कर चुकी है. इसके अलावा प्रभास की फिल्म 'साहो' का वितरण भी फार्स फिल्म्स ने किया था.
'किंग' को विदेशों में कितनी कमाई करनी होगी?
किसी फिल्म के लिए दी गई मिनिमम गारंटी की रकम यह दिखाती है कि डिस्ट्रीब्यूटर को उसके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन से कितनी उम्मीदें हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, विदेशी बाजार में डिस्ट्रीब्यूटर को आमतौर पर कुल बॉक्स ऑफिस कमाई का करीब 50 फीसदी हिस्सा मिलता है. ऐसे में 175 करोड़ रुपये की मिनिमम गारंटी की भरपाई करने के लिए 'किंग' को विदेशों में लगभग 350 से 375 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन करना पड़ सकता है. शाहरुख खान की पिछली दो बड़ी फिल्मों 'पठान' और 'जवान' ने विदेशी बाजार में करीब 400 करोड़ रुपये की कमाई की थी. ऐसे में 'किंग' के सामने भी बड़ी उम्मीदों पर खरा उतरने की चुनौती होगी. हालांकि, फिल्म का वास्तविक मुनाफा डिस्ट्रीब्यूशन की शर्तों, खर्च और बॉक्स ऑफिस से मिलने वाले हिस्से पर निर्भर करेगा.
कब रिलीज होगी शाहरुख खान की 'किंग'?
शाहरुख खान की मच अवेटेड फिल्म 'किंग' 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं. इससे पहले शाहरुख और सिद्धार्थ की जोड़ी 2023 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'पठान' में साथ काम कर चुकी है. 'किंग' में शाहरुख खान के साथ सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, जयदीप अहलावत, राघव जुयाल और सौरभ शुक्ला जैसे कलाकार भी नजर आएंगे. फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह है. अब देखना होगा कि बड़े बजट और रिकॉर्ड डील के बीच यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा कमाल दिखा पाती है.
ये भी पढ़ें- Sanjay Gupta Passes Away: 'कांटे' और 'काबिल' के डायरेक्टर संजय गुप्ता का निधन, 59 साल की उम्र में ली अंतिम सांस