King: रिलीज से पहले ही शाहरुख की 'किंग' पर बरसा पैसा, 835 करोड़ पहुंची फिल्म की प्री-रिलीज कमाई

शाहरुख खान के फैंस लंबे समय से उनकी अगली फिल्म का इंतजार कर रहे हैं. साल 2023 में 'डंकी', 'पठान' और 'जवान' जैसी फिल्मों में नजर आने के बाद अब एक्टर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं.

Shah Rukh Khan King film pre-release earnings OTT to theatrical rights
Image Source: Social Media

King: शाहरुख खान के फैंस लंबे समय से उनकी अगली फिल्म का इंतजार कर रहे हैं. साल 2023 में 'डंकी', 'पठान' और 'जवान' जैसी फिल्मों में नजर आने के बाद अब एक्टर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं. उनकी आने वाली फिल्म 'किंग' इसी साल दिसंबर में रिलीज होगी. फिल्म को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है. खास बात यह है कि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'किंग' ने रिलीज से पहले ही 835 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है.

रिलीज से पहले 'किंग' ने कैसे कमाए 835 करोड़?

शाहरुख खान की इस फिल्म का अनुमानित बजट करीब 400 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने रिलीज से पहले ही डिस्ट्रीब्यूशन, ओटीटी और दूसरी कमर्शियल डील्स के जरिए 835 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं. इन सौदों में डिजिटल, थिएट्रिकल, विदेशी वितरण, टीवी और म्यूजिक राइट्स शामिल हैं.

ओटीटी राइट्स से मिले 275 करोड़ रुपये

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेटफ्लिक्स ने 'किंग' के सभी भाषाओं के ग्लोबल स्ट्रीमिंग राइट्स करीब 275 करोड़ रुपये में खरीदे हैं. इस डील से फिल्म को रिलीज से पहले ही बड़ी रकम मिल गई है.

थिएट्रिकल राइट्स की 250 करोड़ में हुई डील

फिल्म के घरेलू थिएट्रिकल राइट्स भी मोटी रकम में बेचे गए हैं. बताया जा रहा है कि पेन मरुधर ने 'किंग' के ऑल इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 250 करोड़ रुपये में हासिल किए हैं.

विदेशी राइट्स से भी हुई मोटी कमाई

'किंग' के विदेशी थिएट्रिकल राइट्स की डील भी काफी बड़ी बताई जा रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फार्स फिल्म्स ने मिनिमम गारंटी डील के तहत ये राइट्स 175 करोड़ रुपये में खरीदे हैं.

टीवी और म्यूजिक राइट्स से भी कमाई

फिल्म के सैटेलाइट यानी टीवी राइट्स करीब 90 करोड़ रुपये में बिकने की खबर है. वहीं, इसके म्यूजिक राइट्स के लिए लगभग 45 करोड़ रुपये की डील हुई है. इन सभी सौदों को मिलाकर फिल्म की रिलीज से पहले की कमाई 835 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

रिलीज से पहले ही 435 करोड़ रुपये का मुनाफा?

अगर फिल्म का बजट 400 करोड़ रुपये माना जाए और रिलीज से पहले की कमाई 835 करोड़ रुपये हो, तो दोनों के बीच 435 करोड़ रुपये का अंतर बनता है. हालांकि, यह कमाई अलग-अलग राइट्स और कमर्शियल डील्स से जुड़ी बताई जा रही है. फिल्म की असली कमाई का पता रिलीज के बाद ही चलेगा.

24 दिसंबर को रिलीज होगी 'किंग'

'किंग' का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं. इससे पहले वह शाहरुख खान के साथ फिल्म 'पठान' में काम कर चुके हैं. फिल्म में शाहरुख खान के अलावा सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी और राघव जुयाल समेत कई कलाकार नजर आएंगे. यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.