भारतीय नाव पर सऊदी अरब का हमला? हूती विद्रोहियों ने किया दावा, रेस्क्यू अभियान में जुटी यमनी सेना

यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि लाल सागर में सऊदी अरब ने एक भारतीय याट को निशाना बनाया है. इस याट पर 14 लोग सवार थे.

Saudi Arabia attacks an Indian Yacht In Red SeaHouthi claim Yemeni army
प्रतिकात्मक तस्वीर/ Social Media

सना: यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि लाल सागर में सऊदी अरब ने एक भारतीय याट को निशाना बनाया है. इस याट पर 14 लोग सवार थे. हालांकि, हमले में याट को हुए नुकसान या किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है.

यमनी सशस्त्र बलों के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह घटना ज़ुकार द्वीप के पास हुई है. उन्होंने बताया कि यमनी सेना याट पर सवार लोगों को बचाने के लिए अभियान चला रही है. इस मामले में आगे और जानकारी देने की बात भी कही गई है. हूती प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि इस तरह की कार्रवाई से लाल सागर में अंतरराष्ट्रीय जहाजों की आवाजाही को खतरा हो सकता है.

हूती विद्रोहियों ने क्या दावा किया?

याह्या सरी के मुताबिक, सऊदी अरब ने ज़ुकार द्वीप के पास भारतीय याट पर हमला किया, जिस पर 14 भारतीय नागरिक सवार थे. उन्होंने कहा कि यमनी सेना लोगों को बचाने में जुटी है. साथ ही, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाने की अपील की.

हालांकि, यह दावा हूती विद्रोहियों की ओर से किया गया है. हमले को लेकर सऊदी अरब की ओर से क्या कहा गया है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.

सऊदी के हवाई अड्डे पर हमले में भारतीय की मौत

इस बीच सऊदी अरब के दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य भारतीय घायल हो गए. इससे एक दिन पहले शायबा तेल क्षेत्र पर हुए ड्रोन हमले में भी एक भारतीय नागरिक घायल हुआ था.

रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने दम्माम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में भारतीय नागरिक की मौत और दो लोगों के घायल होने की पुष्टि की है. सऊदी अरब के अहम ठिकानों पर लगातार हो रहे हमलों के बीच इन घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है.

भारतीय दूतावास ने क्या कहा?

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि बुधवार रात दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था. हमले में दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हुए हैं.

दूतावास ने बताया कि वह घटना से जुड़ी और जानकारी जुटा रहा है और प्रभावित परिवारों के संपर्क में है. साथ ही, मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.