कुछ लोग भारत को नीचा दिखाना चाहते हैं... PM मोदी का विपक्ष पर जोरदार हमला, जानें क्या कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने गुजरात दौरे के दौरान सूरत को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. सड़क, बिजली और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया.

pm Narendra modi gujarat surat visit full speech attack on opposition
Image Source: Social Media

गुजरात एक बार फिर देश के विकास मॉडल की चर्चा के केंद्र में है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने गुजरात दौरे के दौरान सूरत को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. सड़क, बिजली और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, आजकल सूरत की सर्कुलर वाटर इकोनॉमी को बहुत चर्चा हो रही है. अब प्रयास ये है कि सूरत के लिए आने वाले कई दशकों तक पाने के पानी की पूरी व्यवस्था हो. इसके लिए तापी बैराज प्रोजेक्ट स्वीकृत किया गया है. 

पीएम मोदी ने आगे ये भी कहा कि सूरत के विकास को गति देने के लिए आज यहां अनेक प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है. आज भारत प्रकृति के साथ प्रगति का मंत्र लेकर विकास कर रहा है. इकोनॉमी भी, इकोलॉजी भी. अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर भी करारा हमला बोला है.

"निराशावादी लोग आत्मनिर्भर भारत अभियान का मजाक उड़ाते हैं"

पीएम मोदी ने कहा कि, "आज देश में कुछ निराशावादी लोग आत्मनिर्भर भारत अभियान का मजाक उड़ाते हैं. कुछ लोग भारत को नीचा दिखाना चाहते हैं. ये वे लोग हैं जिन्होंने हमेशा भारत को दूसरे देशों पर निर्भर रखा. वे लोग भूल जाते हैं कि दूसरों पर निर्भर देश कभी भी विकास की वो ऊंचाई प्राप्त नहीं कर सकता जिसका वो हकदार है. भारत नकारात्मकता से आगे निकल चुका है. यह आशावाद से भरा हुआ और असाधारण आकांक्षाओं से प्रेरित राष्ट्र है. भारत के नागरिक सपनों और दृढ़ संकल्प से भरे हुए हैं, और जनता उस संकल्प को वास्तविकता में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है. जब राष्ट्र की सामूहिक इच्छाशक्ति इतनी दृढ़ होती है, तो वह किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है. आप दो कदम चलेंगे, मैं तीन कदम चलने के लिए तैयार हूं. रूकना और थकना हमें मंजूर नहीं है. किसी पार्टी को इतने लंबे समय तक जनता का आशीर्वाद नहीं मिला. जनता ने हमारे सेवा-भाव को समर्थन दिया है. हमें विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करना है."

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज दुनिया अभूतपूर्व चुनौतियों के दौर से गुजर रही है. कुछ समय पहले मैंने कहा था कि यह दशक दुनिया के लिए आपदा का दशक सिद्ध हो रहा है. हमने एक के बाद एक कई वैश्विक आपदाएं देखी हैं. पहले COVID-19 का बड़ा संकट आया; फिर जगह जगह युद्ध शुरू हो गए और अब ऊर्जा का इतना बड़ा संकट. इसने पूरी दुनिया में अस्तव्यस्त कर दिया है. दुनिया भर में पेट्रोल की कीमतों में उतार-चढ़ाव हो रहा है और गैस सप्लाई चेन चरमरा रही है. मुझे इस बात का संतोष है कि 140 करोड़ भारतीयों की साझा प्रयास से देश हर ऐसे संकट का मजबूती से सामना कर रहा है."

"देश के विकास को टॉप प्रायोरिटी काम कर रही सरकार"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं, "हमारी सरकार देश के विकास को टॉप प्रायोरिटी देते हुए काम कर रही है. यही कारण है कि देश भाजपा और उसके विकास के कार्यों पर भरोसा करता है, और यही कारण है कि जनता बार-बार भाजपा को जनादेश देती है. मैं हाल ही में पांच देशों के दौरे पर था, और वहां भी हर तरफ बंगाल की ही चर्चा थी. हर कोई बंगाल के बारे में बात कर रहा था. बंगाल, असम और पुडुचेरी में हुए चुनावों में भाजपा और एनडीए को भारी जनादेश मिला है."

"कांग्रेस अराजकता और अनिश्चितता फैलाकर अवसर तलाश रही"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा- "बीते 12 साल से कांग्रेस भारत में अराजकता और अनिश्चितता फैलाकर अवसर तलाश रही है, लेकिन देश की जनता ने उसे बार-बार मुंहतोड़ जवाब दिया है. गुजरात की जनता ने कांग्रेस को हाशिये पर धकेल दिया है, लेकिन जहां कांग्रेस सरकारें हैं, वहां भी जनता पार्टी के कुशासन से तंग आ चुकी है. अभी हाल ही में हिमाचल प्रदेश में भी स्थानीय निकाय चुनाव हुए. वहां कांग्रेस सरकार होने के बावजूद पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा. हिमाचल प्रदेश की जनता ने कांग्रेस के कुशासन को नकार दिया है. इससे पहले, कांग्रेस हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनाव हार गई थी, और पंजाब की जनता ने भी पार्टी को स्पष्ट संदेश दिया है कि अराजकता के बीच अवसर तलाशने की कांग्रेस की राजनीति नहीं चलेगी. कर्नाटक की जनता में कांग्रेस सरकार को लेकर भारी असंतोष है, और यही कारण है कि पार्टी को वहां अपना मुख्यमंत्री बदलना पड़ा."

ये भी पढ़ें: वैश्विक अशांति के बीच भारत की अर्थव्यवस्था ने पकड़ी रफ्तार, FY26 में GDP ग्रोथ 7.7% पहुंची, जानें पूरी जानकारी