PM Modi Appeal To Indians: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से एक बार फिर अपील की है. 24 घंटे के भीतर दूसरी बार उन्होंने वर्क फ्रॉम होम अपनाने, सोने की खरीद पर संयम रखने और पेट्रोल-डीजल के उपयोग में कटौती करने का आग्रह किया. साथ ही पीएम ने स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने और स्वदेशी वस्तुओं की खरीद को बढ़ावा देने पर जोर दिया, ताकि देश की अर्थव्यवस्था और विदेशी मुद्रा पर दबाव कम किया जा सके.
पीएम मोदी ने सोमवार को गुजरात के वडोदरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहा कि मेरी देश के हर नागरिक से अपील है कि जहां तक संभव हो, पेट्रोल-डीजल का उपयोग कम करें. मेट्रो का उपयोग करें, इलेक्ट्रिक बस और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अधिक इस्तेमाल करें, कार पुलिंग को बढ़ावा दें, जिनके पास कार है, वो एक गाड़ी में ज्यादा लोगों को साथ लेकर चलें.
सोने की खरीद को टालें
उन्होंने कहा कि डिजिटल टेक्नोलॉजी ने अब इतना कुछ आसान बना दिया है कि टेक्नोलॉजी की मदद भी हमारे लिए बहुत फायदेमंद होगी. ये जरूरी है कि सरकारी और प्राइवेट दोनों ही दफ्तरों में वर्चुअल मिटिंग्स और वर्क फ्रॉम होम की प्राथमिकता दी जाए.
उन्होंने कहा कि सोने की आयात पर भी देश का बहुत बड़ा पैसा विदेश जाता है. इसलिए, मैं आप सभी से, देशवासियों से आग्रह करूंगा कि जब तक हालात सामान्य न हो, हम सोने की खरीद को टालें. पीएम मोदी ने कहा कि देश का बहुत सारा पैसा सोने के इंपोर्ट पर भी खर्च होता है.मैं देश के लोगों से अपील करता हूं कि वे अभी सोने की खरीदारी टाल दें, क्योंकि इसकी अभी कोई तुरंत जरूरत नहीं है.
वोकल फॉर लोकल को एक जन-आंदोलन बनाएं
पीएम मोदी ने कहा किआज समय की मांग है कि हम वोकल फॉर लोकल को एक जन-आंदोलन बनाएं. विदेशी सामान की जगहलोकल उत्पादों को अपनाएं. अपने गांव, अपने शहर, अपने देश के उद्यमियों को ताकत दें. हमें हर छोटे-बड़े प्रयास से ऐसे उत्पादों का उपयोग कम करना है जो विदेश से आते हैं और ऐसे व्यक्तिगत कामों से भी बचना है जिसमें विदेशी मुद्रा खर्च होती हो.
विदेशी मुद्रा और संसाधनों की बचत जरूरी
पीएम मोदी ने देशवासियों से स्पष्ट किया कि हमें हर संभव तरीके से विदेशी मुद्रा बचानी होगी. उन्होंने ईंधन की खपत कम करने, सार्वजनिक परिवहन या इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल करने और गैरजरूरी आयात से बचने का आह्वान किया. इसके साथ ही सोने जैसी विलासिता वस्तुओं की खरीद को टालकर देश की आर्थिक मजबूती में योगदान देने की अपील की गई, ताकि संकट के समय देश सुरक्षित और आर्थिक रूप से स्थिर रह सके.
पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव
हाल में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के प्रस्ताव को ठुकराते हुए हमला करने की बात कही है, वहीं इजरायल ने भी ईरान पर सैन्य कार्रवाई के संकेत दिए हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि संघर्ष तेज होता है, तो स्ट्रेट ऑफ होर्मुस में जहाजों की आवाजाही बाधित हो सकती है और भारत में गैस एवं कच्चे तेल की आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ेगा. इसी को देखते हुए पीएम मोदी ने जनता से संयम बरतने और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील की.
ये भी पढ़ें: Gold Rate: पीएम मोदी की अपील के बाद सोने की कीमतों में आई गिरावट, जानें गोल्ड और चांदी का ताजा भाव