कटमनी खत्म, काम शुरू... पश्चिमबंग दिवस के मौके पर बोले पीएम मोदी, TMC पर साधा निशाना

PM Modi In Kolkata: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिमबंग दिवस के मौके पर कहा कि राज्य में अब बदलाव की नई हवा महसूस हो रही है. लोगों के चेहरों पर खुशी और उम्मीद दिखाई दे रही है. उन्होंने कहा कि बंगाल अब अपने नए भविष्य के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

PM Modi speaks on the occasion of West Bengal Day targets TMC
Image Source: Social Media

PM Modi In Kolkata: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिमबंग दिवस के मौके पर कहा कि राज्य में अब बदलाव की नई हवा महसूस हो रही है. लोगों के चेहरों पर खुशी और उम्मीद दिखाई दे रही है. उन्होंने कहा कि बंगाल अब अपने नए भविष्य के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

शनिवार को तारकेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि जनता का एक वोट भी बड़े बदलाव ला सकता है और इसका असर आज बंगाल में दिखाई दे रहा है.

कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) की 23वीं किस्त जारी की. साथ ही पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की शुरुआत की. इसके अलावा हावड़ा जिले में संकरैल-संतरागाछी लिंक लाइन परियोजना राष्ट्र को समर्पित की गई. हावड़ा में 300 बेड वाले नए रेलवे अस्पताल और पूर्व मेदिनीपुर में एक रोड ओवर ब्रिज की भी आधारशिला रखी गई.

श्यामा प्रसाद मुखर्जी का किया जिक्र

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि विभाजन के समय पश्चिम बंगाल को बचाने में कई प्रमुख लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. प्रधानमंत्री ने कहा कि इतिहास के इन योगदानों को याद रखना जरूरी है और नई पीढ़ी को भी इनके बारे में जानकारी होनी चाहिए.

पिछली सरकारों पर साधा निशाना

पीएम मोदी ने कांग्रेस, वाम दलों और तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक राज्य के विकास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि इससे उद्योग, रोजगार और विकास प्रभावित हुए. उन्होंने कहा कि अब राज्य में विकास और निवेश का नया माहौल बन रहा है और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का काम तेजी से किया जा रहा है.

निवेश और विकास पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि सीमा सुरक्षा, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में कई नए कदम उठाए जा रहे हैं. राज्य में निवेश बढ़ाने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने पर सरकार का पूरा ध्यान है. उन्होंने दावा किया कि अब लोगों को पहले की तुलना में ज्यादा सुविधाएं मिल रही हैं और विकास कार्यों की गति तेज हुई है.

योग दिवस में शामिल होने की अपील

पीएम मोदी ने अपने संबोधन के अंत में लोगों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ जीवन का आधार है और इससे पूरी दुनिया को सकारात्मक संदेश जाता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि पश्चिम बंगाल के हर जिले और गांव में योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होंगे.

ये भी पढ़ें- पूर्वी भारत अब विकास का नया गेटवे... ओडिशा में पीएम मोदी का बड़ा बयान, ₹47,600 करोड़ की दी सौगात