Pm Modi Odisha Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले पूर्वी भारत को पिछड़े क्षेत्र के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब यही इलाका देश के विकास का नया केंद्र बन रहा है.
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने ओडिशा के लिए 47,600 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि राज्य में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ गरीबों तक पहुंच रहा है.
पूर्वी भारत को आगे बढ़ाने पर फोकस
पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार 'पूर्वोदय' नीति के तहत पूर्वी भारत के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है. उनका कहना था कि जब पूर्वी राज्यों का विकास होगा तो पूरे देश की प्रगति तेज होगी. उन्होंने दावा किया कि ओडिशा को अब तक करीब 20 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं. उन्होंने ओडिशा में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने पर राज्य की जनता को बधाई भी दी.
PM Shri @narendramodi addresses a program marking the completion of 2 Years of the Odisha Government in Mayurbhanj. https://t.co/H6ujGUQ87L
— BJP (@BJP4India) June 20, 2026
डबल इंजन सरकार पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वह खुद लोगों तक पहुंचती है. सरकार की कोशिश है कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें.
उन्होंने कहा कि ओडिशा इस समय त्योहारों और विकास दोनों का उत्सव मना रहा है. राज्य में राजा पर्व के बाद अब जगन्नाथ रथ यात्रा और बारीपदा रथ यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को दी शुभकामनाएं
शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जन्मदिन भी था. पीएम मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ओडिशा की बेटी आज देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचकर पूरे देश का मार्गदर्शन कर रही हैं. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ने ओडिशा और मयूरभंज की पहचान को देश-दुनिया में मजबूत किया है.
प्रधानमंत्री राष्ट्रपति के ससुराल पहाड़पुर गांव भी पहुंचे. वहां उन्होंने बच्चों के स्कूल का दौरा किया और छात्रों के साथ समय बिताया. पीएम ने इसे अपने लिए सीखने वाला और यादगार अनुभव बताया.
आदिवासी समुदायों के लिए चल रही योजनाएं
पीएम मोदी ने कहा कि पीएम-जनमन अभियान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मार्गदर्शन से प्रेरित है. इस योजना का उद्देश्य उन आदिवासी समुदायों तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाना है, जो अब तक विकास की मुख्यधारा से दूर रहे हैं. उन्होंने बताया कि सरकार आदिवासी युवाओं को शिक्षा और रोजगार से जोड़ने के लिए काम कर रही है. देशभर में करीब 500 एकलव्य मॉडल स्कूल खोले जा चुके हैं.
47,600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री ने कहा कि ओडिशा में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 47,600 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाएं शुरू की गई हैं. इन योजनाओं से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य के विकास को नई गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर और गरीब कल्याण दोनों पर बराबर ध्यान दे रही है और आने वाले समय में ओडिशा की तस्वीर और तेजी से बदलेगी.
ये भी पढ़ें- सरकार का बड़ा फैसला! 16 दवाओं पर लगा तत्काल बैन, चेक करें कहीं आप भी तो नहीं ले रहे ये दवाएं