झालमुरी मैंने खाई, लेकिन झाल TMC को लगी... कृष्णानगर में बोले पीएम मोदी, कहा- 4 मई को बटेंगी मिठाई

PM Modi In Krishnanagar: पीएम नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर में विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 4 मई को बीजेपी राज्य में सरकार बनाने जा रही है. उन्होंने कहा, "आज पश्चिम बंगाल में पहले फेज़ की वोटिंग हो रही है.

PM Modi said in Krishnanagar West Bengal election I ate Jhalmuri but TMC got the jhal
Image Source: Social Media

PM Modi In Krishnanagar: पीएम नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर में विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 4 मई को बीजेपी राज्य में सरकार बनाने जा रही है. उन्होंने कहा, "आज पश्चिम बंगाल में पहले फेज़ की वोटिंग हो रही है. तमिलनाडु में भी वोटिंग चल रही है. मैं सभी वोटर्स को शुभकामनाएं देता हूं. मैं सभी से रिक्वेस्ट करता हूं कि इस बार वोटिंग के नए रिकॉर्ड बनाएं."

पीएम मोदी ने आगे कहा, "मैं देख रहा हूं, मैं जब से राजनीति में आया हूं, मैं कह सकता हूं कि पिछले 50 साल में ये पहला चुनाव ऐसा है, जिसमें हिंसा कम से कम हुई है. वरना हर हफ्ते किसी न किसी को फांसी पर लटका देते थे और बोल देते थे कि आत्महत्या कर ली. एक प्रकार से गुंडाराज चलता था. मैं चुनाव आयोग का हृदय से अभिनंदन करता हूं कि उन्होंने फिर से एक बार बंगाल की धरती पर लोकतंत्र की प्रतिष्ठा की है. शांतिपूर्ण मतदान कराने में चुनाव आयोग की ये सफलता बहुत बड़ी सिद्धि है. मैं यहां के सरकारी कर्मचारियों का भी अभिनंदन करता हूं कि वे भी इस बार शांतिपूर्ण मतदान में बहुत जिम्मेदारी पूर्वक अपनी भूमिका अदा कर रहे हैं."

'पलटनो दरकार चाही बीजेपी सरकार'

पीएम मोदी ने कहा, "कृष्णानगर में आज भय पर भरोसे की विजय का विश्वास दिख रहा है. ये उत्साह, ये उमंग, ये जोश भरोसे का है. भय जा रहा है, भरोसा आगे बढ़ रहा है. बरसों से जिनकी आवाज को दबाकर रखा गया था, वो अब एक सुर में बोल रहे हैं, गांव-गांव, गली-गली, स्त्री-पुरुष, युवा-बुजुर्ग सब बोल रहे हैं. पलटनो दरकार चाही बीजेपी सरकार (पुरानी सरकार को जाना चाहिए, बीजेपी सरकार बनना चाहिए)." उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल में TMC के विधायकों, मंत्रियों, लोकल नेताओं और उनके सिंडिकेट के खिलाफ इतना गुस्सा है कि कई जिलों में TMC का खाता तक नहीं खुलेगा.

4 मई को बटेंगी मिठाई-झालमुरी

चुनाव परिणाम के दिन 4 मई के बारे में पीएम मोदी ने कहा, "भाजपा-NDA की विजय का परचम आपको पूरी शक्ति से लहराना है. 4 मई को बंगाल में भी भाजपा की विजय का जश्न होगा और मिठाई भी बंटेगी और झालमुरी भी बांटी जाएगी. झालमुरी ने भी कुछ लोगों को झन्नाटेदार झटका दिया है. झालमुरी मैंने खाई... लेकिन झाल TMC को लगी है."

उन्होंने यह भी कहा, "15 साल पहले वाम के विरुद्ध जनता ने बिगुल फूंका था. आज तृणमूल में जंगलराज के विरुद्ध बंगाल की जनता हर गली मोहल्ले में शंख फूंक रही है. ये चुनाव न मोदी लड़ रहा है और न ही मेरे साथी लड़ रहे हैं. इस बार बंगाल का चुनाव यहां की जनता जनार्दन लड़ रही है. चुनाव का नेतृत्व बंगाल की जनता जनार्दन के हाथ में है. मैं जहां भी जा रहा हूं, लोग एक ही बात कहते हैं कि अब बहुत हो गया."

ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में सुबह 11 बजे तक तगड़ी वोटिंग, तमिलनाडु में 37.56% हुआ मतदान; जानें जिलेवार आंकड़े