आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना से मुफ्त राशन तक... 12 साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने गिनाईं उपलब्धियां

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बीते वर्षों में सरकार ने सेवा, सुशासन और विकास को प्राथमिकता देते हुए काम किया है.

PM Modi lists achievements as the government completes 12 years
Image Source: ANI

Modi Government 12 Years: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बीते वर्षों में सरकार ने सेवा, सुशासन और विकास को प्राथमिकता देते हुए काम किया है. उन्होंने कहा कि देश के 140 करोड़ नागरिकों के सहयोग और ‘राष्ट्र प्रथम’ की सोच के साथ युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं.

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा संदेश में कहा कि सरकार का पूरा प्रयास विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने पर केंद्रित है. उन्होंने भरोसा जताया कि जनभागीदारी और सुशासन के बल पर देश आगे भी प्रगति के पथ पर बढ़ता रहेगा.

गरीब कल्याण पर विशेष जोर

सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि करोड़ों जरूरतमंद परिवारों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया है. देश में 81 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है. इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों घरों का निर्माण हुआ है, जबकि उज्ज्वला योजना और स्वच्छता अभियान के जरिए भी बड़ी संख्या में परिवारों को लाभ मिला है.

महिलाओं को मिला सशक्तिकरण का नया अवसर

प्रधानमंत्री ने महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया. उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में महिलाओं को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है. स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ी है. साथ ही सेना में महिलाओं को नए अवसर उपलब्ध कराए गए हैं.

बुनियादी ढांचे में तेजी से विस्तार

देश में आधारभूत संरचना के विकास को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मेट्रो नेटवर्क, रेलवे, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है. कई महत्वपूर्ण पुलों और परिवहन परियोजनाओं का निर्माण पूरा हुआ है. वंदे भारत ट्रेनों का नेटवर्क भी लगातार बढ़ाया गया है, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिल रही हैं.

युवाओं और स्टार्टअप को बढ़ावा

प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कौशल विकास और वित्तीय सहायता पर विशेष ध्यान दिया गया. मुद्रा योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को ऋण उपलब्ध कराया गया, जबकि स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं. नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए देशभर में अटल टिंकरिंग लैब्स भी स्थापित की गई हैं.

स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार

स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना को बड़ी उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि करोड़ों नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है. वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं. इसके अलावा जन औषधि केंद्रों के माध्यम से लोगों को कम कीमत पर दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.

किसान, मध्यम वर्ग और राष्ट्रीय सुरक्षा पर फोकस

प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए कई नीतिगत फैसले लिए गए हैं. राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दी गई है.

विरासत और विकास का समन्वय

प्रधानमंत्री ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल महालोक और केदारनाथ धाम जैसे परियोजनाएं भारत की सांस्कृतिक धरोहर और आधुनिक विकास के संतुलन को दर्शाती हैं. उनके अनुसार, सरकार का उद्देश्य विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक पहचान को भी सशक्त बनाना है.

उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में भी सरकार विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी.

ये भी पढ़ें- शादी से पहले सहमति से बने शारीरिक संबंध गलत नहीं... चरित्र को लेकर सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी