आपकी दोस्ती के लिए... पीएम मोदी ने जॉर्जिया मेलोनी को दी बधाई, इटली की प्रधानमंत्री ने दिया ये रिप्लाई

Giorgia Melonion PM Modi: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने 4 सितंबर को देश के युद्ध के बाद के इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बना लिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी.

PM Modi congratulated Giorgia Meloni Italian Prime Minister gave this reply
Image Source: Social Media

Giorgia Melonion PM Modi: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने 4 सितंबर को देश के युद्ध के बाद के इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बना लिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी. इसके जवाब में मेलोनी ने पीएम मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि भारत और इटली के रिश्ते पहले से ज्यादा मजबूत हुए हैं.

पीएम मोदी के पोस्ट पर मेलोनी का जवाब

जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी के बधाई संदेश का जवाब देते हुए उनकी दोस्ती के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच शुरू की गई विशेष रणनीतिक साझेदारी रिश्तों की मजबूती को दिखाती है.

मेलोनी ने कहा कि इटली और भारत आगे भी मिलकर दोनों महाद्वीपों के बीच संबंधों को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे. उन्होंने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे को आगे बढ़ाने में भी दोनों देशों के साथ काम करने की बात कही.

पीएम मोदी ने दी मेलोनी को बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलोनी को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सरकार ने भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है. उन्होंने कहा कि दोनों देश अपने लोगों के बेहतर और समृद्ध भविष्य के लिए आगे भी मिलकर काम करते रहेंगे.

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मेलोनी की यह उपलब्धि इटली की जनता के उनके नेतृत्व में भरोसे को दिखाती है. उन्होंने उन्हें युद्ध के बाद के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने के लिए शुभकामनाएं दीं.

मेलोनी ने रचा इतिहास

जॉर्जिया मेलोनी ने 22 अक्टूबर 2022 को इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री के तौर पर पद संभाला था. उनकी सरकार अब तक 1,413 दिन पूरे कर चुकी है. इस रिकॉर्ड पर खुशी जताते हुए मेलोनी ने कहा कि उनकी सरकार अब इटली गणराज्य के इतिहास में सबसे लंबे समय तक चलने वाली सरकार बन गई है.

उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने रोजगार बढ़ाने, बेरोजगारी कम करने, परिवारों और कारोबारों को मदद देने, सुरक्षा मजबूत करने और सरकारी वित्त को जिम्मेदारी से संभालने पर काम किया है. इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इटली की स्थिति और प्रभाव बढ़ाने की भी कोशिश की गई है.

ऐसा रहा मेलोनी का राजनीतिक सफर

मेलोनी ने इटली के पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी के लगातार सत्ता में रहने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. 22 अक्टूबर 2022 को राष्ट्रपति सर्जियो मातारेला ने रोम के क्विरिनाले पैलेस में उन्हें प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई थी. वह इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री हैं.

मेलोनी ने सिर्फ 15 साल की उम्र में छात्रा और युवा आंदोलन की सदस्य के तौर पर राजनीति शुरू की थी. 21 साल की उम्र में वह रोम प्रांत की पार्षद चुनी गईं. इसके बाद 27 साल की उम्र में वह ‘एलेन्जा नाजियोनाले’ के युवा संगठन की नेता बनीं.

ये भी पढ़ें- दो हमले, 25 सैनिक की मौत... शहबाज-मुनीर के हाथ से गया बलूचिस्तान? BLA के लड़ाकों ने किया नाक में दम