PM Kisan: किसानों के खाते में कब आएंगे 2,000 रुपये? 25वीं किस्त से पहले तुरंत निपटा लें ये जरूरी काम

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के करोड़ों किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है. सरकार यह रकम 2,000-2,000 रुपये की तीन किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजती है.

PM Kisan Samman Nidhi Yojana Rs 2000 farmers accounts 25th installment
प्रतीकात्मक तस्वीर/ Freepik

PM Kisan Samman Nidhi Yojana: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के करोड़ों किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है. सरकार यह रकम 2,000-2,000 रुपये की तीन किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजती है. अब तक इस योजना की 24 किस्तें जारी हो चुकी हैं और किसान 25वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं.

इसी बीच किसानों के लिए फार्मर आईडी (Farmer ID) को लेकर जरूरी जानकारी सामने आई है. कुछ राज्यों में पीएम किसान योजना के नए रजिस्ट्रेशन के लिए फार्मर आईडी अनिवार्य कर दी गई है. ऐसे में जो किसान पहली बार इस योजना से जुड़ना चाहते हैं, उन्हें पहले यह आईडी बनवानी पड़ सकती है. हालांकि, यह नियम सभी राज्यों में लागू नहीं है. वहीं, पहले से योजना का लाभ ले रहे किसानों के लिए भी यह समझना जरूरी है कि फार्मर आईडी नहीं होने से उनकी अगली किस्त अपने आप नहीं रुकेगी.

क्या है फार्मर आईडी और क्यों है जरूरी?

फार्मर आईडी किसानों का एक तरह का पहचान पत्र है. केंद्र सरकार ने इसे एग्रीस्टैक योजना के तहत तैयार किया है. इसमें किसान की जमीन, खेती और उससे जुड़ी जरूरी जानकारियों को दर्ज किया जाता है. इसका मकसद किसानों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना है, ताकि सरकारी योजनाओं का फायदा सही लोगों तक पहुंच सके.

कृषि मंत्रालय ने मार्च 2026 में लोकसभा में बताया था कि देश के 19 राज्यों में पीएम किसान योजना के नए रजिस्ट्रेशन के लिए फार्मर आईडी जरूरी की गई है. जिन राज्यों में अभी किसान रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है, वहां किसान इसके बिना भी पीएम किसान योजना में नया रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं.

इसलिए अगर कोई किसान पहले से पीएम किसान योजना का लाभ ले रहा है और उसके पास फार्मर आईडी नहीं है, तो उसे घबराने की जरूरत नहीं है. केवल आईडी नहीं होने की वजह से उसकी 25वीं किस्त नहीं रोकी जाएगी. हालांकि, नए किसानों को रजिस्ट्रेशन से पहले अपने राज्य के नियमों की जानकारी जरूर ले लेनी चाहिए.

घर बैठे कैसे बनवाएं फार्मर आईडी?

किसान अपनी फार्मर आईडी बनवाने के लिए मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. इसके अलावा नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर भी यह काम कराया जा सकता है. किसान ब्लॉक या तहसील स्तर पर मौजूद सरकारी कार्यालयों की मदद भी ले सकते हैं.

फार्मर आईडी बनवाते समय किसान की जमीन और दूसरी जरूरी जानकारियां दर्ज की जाती हैं. इसके लिए आधार कार्ड और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जरूरत पड़ सकती है.

अगर आधार कार्ड और जमीन के कागजात में किसान के नाम की स्पेलिंग अलग-अलग है या किसी अन्य जानकारी में गड़बड़ी है, तो रजिस्ट्रेशन में परेशानी आ सकती है. ऐसी स्थिति में किसान संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज कराकर अपनी जानकारी ठीक करवा सकते हैं.

25वीं किस्त पाने के लिए ये 3 काम भी हैं जरूरी

पीएम किसान योजना की अगली किस्त का पैसा पाने के लिए किसानों को कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होती हैं. इनमें सबसे जरूरी ई-केवाईसी है. अगर किसी किसान ने अभी तक अपना ई-केवाईसी पूरा नहीं कराया है, तो उसे जल्द से जल्द यह काम कर लेना चाहिए.

इसके अलावा किसान के जमीन से जुड़े रिकॉर्ड पीएम किसान पोर्टल पर सही दर्ज होने चाहिए. साथ ही, बैंक खाता आधार से लिंक होना भी जरूरी है. इन जानकारियों में किसी तरह की गड़बड़ी होने पर 2,000 रुपये की किस्त अटक सकती है.

किसान पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 'Know Your Status' विकल्प के जरिए अपनी किस्त और रजिस्ट्रेशन से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं.

फिलहाल सरकार की ओर से 25वीं किस्त जारी करने की आधिकारिक तारीख का ऐलान नहीं किया गया है. ऐसे में किसानों को सलाह है कि वे पहले से ही अपनी सभी जरूरी जानकारियां और दस्तावेज ठीक कर लें, ताकि किस्त जारी होने पर पैसे मिलने में कोई परेशानी न हो.