भारत की बराबरी करने चला था पाकिस्तान, श्रीलंका में मदद के लिए भेजा एक्सपायरी खाना, भड़क गया कोलंबो!

आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान की नई हरकत ने एक बार फिर उसकी अंतरराष्ट्रीय साख पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है.

Pakistan sent expired food to help To Cyclone Flood Hit Sri Lanka
Image Source: Social Media

इस्लामाबाद: आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान की नई हरकत ने एक बार फिर उसकी अंतरराष्ट्रीय साख पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. चक्रवात से प्रभावित श्रीलंका के लिए पाकिस्तान की ओर से भेजी गई मानवीय सहायता में एक्सपायर्ड खाने-पीने की चीजें मिलीं, जिसके बाद कोलंबो ने कड़ी आपत्ति जताई है.

जो तस्वीरें श्रीलंका में पाकिस्तान हाईकमीशन ने खुद सोशल मीडिया पर शेयर कीं, उन्हीं में भेजे गए फूड आइटम्स की एक्सपायरी डेट अक्टूबर 2024 दिखाई दे रही है. इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने पाकिस्तान को जमकर ट्रोल किया और इसे “मानवीय सहायता के नाम पर घटिया हरकत” करार दिया.

एक्सपायरी डेट देखकर भड़के यूजर्स

पाकिस्तान की ओर से भेजी गई राहत सामग्री में पानी, दूध, बिस्किट और खाने के अन्य पैकेट शामिल थे. पाकिस्तानी दूतावास की पोस्ट पर कई यूजर्स ने स्क्रीनशॉट ज़ूम करके दिखाया कि पैकेट महीनों पहले ही एक्सपायर हो चुके थे.

एक यूजर ने लिखा, “तुर्की को कभी पुराना माल भेजते थे, अब श्रीलंका को एक्सपायरी खाना. मानवीय सहायता के नाम पर यह शर्मनाक धोखा है.”

दूसरे यूजर ने तंज कसते हुए कहा, “10 परिवारों के लिए भी पर्याप्त नहीं और ऊपर से खराब सामान! यही देश की डिप्लोमेसी है क्या?”

इससे पहले तुर्की में आए विनाशकारी भूकंप के दौरान भी पाकिस्तान पर आरोप लगा था कि उसने वही राहत सामग्री वापस भेज दी जो पहले कराची की बाढ़ में मिली थी.

श्रीलंका ने जताई कड़ी आपत्ति

न्यूज़ 18 की रिपोर्ट के अनुसार, राहत सामग्री की खराब हालत को लेकर श्रीलंका के आपदा प्रबंधन विभाग और विदेश मंत्रालय दोनों ने गंभीर चिंता जाहिर की.

कोलंबो ने पाकिस्तान को इस मामले पर औपचारिक (official) और अनौपचारिक (informal) दोनों तरीकों से कड़ा विरोध दर्ज कराया है.

श्रीलंका पहले से ही चक्रवात और बाढ़ की भारी तबाही का सामना कर रहा है, ऐसे में खराब और एक्सपायर माल भेजना वहां के अधिकारियों के मुताबिक “पूरी तरह गैर-जिम्मेदाराना कदम” है.

पाकिस्तान की नई चाल— भारत पर आरोप

राहत सामग्री विवाद के बीच पाकिस्तान ने श्रीलंका को मदद भेजने के लिए भारत के हवाई क्षेत्र का उपयोग करने का अनुरोध किया था. लेकिन पाकिस्तानी मीडिया ने उल्टा दावा किया कि भारत ने अनुमति देने से इनकार किया.

भारतीय अधिकारियों ने इस “फर्ज़ी खबर” को तुरंत खारिज किया और तथ्य बताते हुए बताया कि—

  • पाकिस्तान ने दोपहर 1 बजे आधिकारिक अनुरोध भेजा
  • भारत ने इसे मानवीय आधार पर तुरंत मंजूर कर दिया
  • और करीब 5:30 बजे पाकिस्तान को आधिकारिक सूचना दे दी

सिर्फ चार घंटे में निर्णय लिया गया, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों के हिसाब से बेहद तेज़ माना जाता है.

भारत ने यह मंजूरी उस समय भी दी, जब पाकिस्तान अपने हवाई क्षेत्र में भारतीय एयरलाइंस पर कई तरह की पाबंदियाँ लगाए हुए है.

भारत ने पाकिस्तानी दावों को बताया झूठ

भारतीय अधिकारियों ने स्पष्ट कहा—

  • पाकिस्तानी मीडिया “हमेशा की तरह झूठ और दुष्प्रचार फैला रहा है.”
  • सभी हवाई क्षेत्र अनुरोध तकनीकी, सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुसार ही तय होते हैं.
  • पाकिस्तान का आरोप न केवल झूठा है बल्कि बेहद गैर-जिम्मेदाराना भी है.

भारत ने जोर देकर कहा कि संकट में पड़े किसी देश की मदद को लेकर राजनीति करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.

ये भी पढ़ें- BLF ने पहली बार किया महिला फिदायीन का किया इस्तेमाल, हमले में पाकिस्तानी सेना के 6 जवानों की मौत