Pakistan NOTAM: पाकिस्तान ने 13 और 14 अक्टूबर 2026 के लिए अपने एयरस्पेस के कुछ हिस्सों में उड़ानों पर अस्थायी रोक लगाने का नोटिफिकेशन जारी किया है. ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस (OSINT) से जुड़ी जानकारी साझा करने वाले डेमियन साइमन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी. उनके मुताबिक, यह प्रतिबंध पाकिस्तान के अंदरूनी इलाकों से लेकर सिंध, कराची और अरब सागर की ओर जाने वाले हवाई रास्तों तक फैला है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या पाकिस्तान एक बार फिर मिसाइल टेस्ट करने की तैयारी कर रहा है?
13 और 14 अक्टूबर को कब तक बंद रहेंगे एयर रूट?
डेमियन साइमन की पोस्ट के मुताबिक, एयरस्पेस पर प्रतिबंध 13 अक्टूबर 2026 को सुबह 9:45 बजे पाकिस्तान के समय के अनुसार शुरू होगा और 14 अक्टूबर को दोपहर 1:15 बजे तक जारी रहेगा. यानी करीब 27 घंटे 30 मिनट तक कुछ हवाई रास्तों पर पाबंदी रहेगी.
बताया गया है कि प्रभावित क्षेत्र में डेरा गाजी खान और रहीम यार खान से लेकर सिंध और कराची होते हुए अरब सागर में ग्वादर के पास तक का इलाका शामिल है. रहीम यार खान वही जगह है, जहां भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ब्रह्मोस मिसाइल से हमला किया था.
इतने बड़े इलाके में हवाई रास्तों पर प्रतिबंध लगाए जाने से पाकिस्तान के किसी संभावित सैन्य परीक्षण को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. हालांकि, NOTAM जारी होने का मतलब यह नहीं है कि मिसाइल टेस्ट होने वाला है. NOTAM यानी हवाई मिशन से जुड़ा नोटिस उड़ानों के लिए जरूरी जानकारी देता है. इसे सैन्य अभ्यास, मिसाइल परीक्षण या दूसरे सुरक्षा कारणों से भी जारी किया जा सकता है.
पाकिस्तान ने पहले भी किया था मिसाइल टेस्ट
पाकिस्तान के इस नए नोटिफिकेशन को 6 अक्टूबर 2026 को हुए मिसाइल परीक्षण से जोड़कर भी देखा जा रहा है. उस दिन पाकिस्तान ने फतह-4 (Fatah-4) एक्सटेंडेड-रेंज ग्राउंड-लॉन्च्ड क्रूज मिसाइल के सफल परीक्षण का दावा किया था.
पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक, इस मिसाइल में आधुनिक एवियोनिक्स और नेविगेशन सिस्टम लगाए गए हैं. हालांकि, इसकी एक्सटेंडेड-रेंज किस्म की अधिकतम मारक दूरी सार्वजनिक नहीं की गई है. फतह-4 की मूल रेंज करीब 750 किलोमीटर बताई जाती है.
अब नए NOTAM के सामने आने के बाद कुछ OSINT विश्लेषक इसे पाकिस्तान के एक और संभावित मिसाइल परीक्षण से जोड़कर देख रहे हैं. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि एयरस्पेस पर प्रतिबंध लगाने का मकसद मिसाइल टेस्ट है या कोई अन्य सैन्य गतिविधि. इसकी आधिकारिक पुष्टि भी नहीं हुई है.