New Relationship Tips: नया रिश्ता हमेशा उत्साह और उम्मीदों से भरा होता है. दोनों लोग एक-दूसरे को समझने की कोशिश करते हैं और इसी दौरान अपनी पसंद-नापसंद से लेकर जिंदगी से जुड़ी कई बातें शेयर करते हैं. लेकिन रिश्ते की शुरुआत में हर बात तुरंत बता देना भी सही नहीं होता. ईमानदारी जरूरी है, लेकिन कुछ निजी बातें ऐसी होती हैं जिन्हें सही समय देखकर शेयर करना बेहतर रहता है. खासकर जब रिश्ता बिल्कुल नया हो, तब जरूरत से ज्यादा खुलापन सामने वाले को असहज कर सकता है.
हर पुराने रिश्ते की पूरी कहानी न सुनाएं
अपने पुराने रिश्तों के बारे में बात करना कोई गलत बात नहीं है, लेकिन नए रिश्ते की शुरुआत में हर एक्स और उससे जुड़ी पूरी कहानी सामने रखने से बचना चाहिए. बार-बार पुराने रिश्तों का जिक्र करने से पार्टनर को लग सकता है कि आपका मन अभी भी अतीत में उलझा हुआ है. इतना ही नहीं, अगर आप पुराने पार्टनर से नए पार्टनर की तुलना करने लगते हैं तो रिश्ते में शुरुआत से ही गलतफहमियां पैदा हो सकती हैं. बेहतर है कि पुराने अनुभवों से सीख लेकर नए रिश्ते को अपनी अलग पहचान बनाने का मौका दिया जाए.
अपनी कमियों की पूरी लिस्ट न गिनाएं
हर इंसान में कुछ अच्छी और कुछ बुरी आदतें होती हैं, लेकिन नए रिश्ते में खुद को लगातार नकारात्मक तरीके से पेश करना सही नहीं है. शुरुआत में ही यह कहना कि आप बहुत गुस्सैल हैं, कमिटमेंट नहीं निभा पाते या आपको जिम्मेदारियां संभालना पसंद नहीं है, सामने वाले के मन में आपके लिए गलत धारणा बना सकता है. इसका मतलब यह नहीं कि अपनी कमियां छिपानी चाहिए. जरूरी यह है कि सामने वाला आपको समय के साथ समझे और आपकी अच्छी-बुरी आदतों को स्वाभाविक तरीके से जाने.
शुरुआत में पैसों की परेशानी को मुद्दा न बनाएं
रिश्ते में आर्थिक स्थिति को लेकर ईमानदारी जरूरी है, लेकिन पहली मुलाकातों या रिश्ते के शुरुआती दौर में पैसों से जुड़ी हर परेशानी साझा करना जरूरी नहीं. बार-बार आर्थिक तंगी, कर्ज या पैसों की समस्या की चर्चा करने से सामने वाले पर अनावश्यक दबाव महसूस हो सकता है. जब रिश्ता थोड़ा मजबूत हो जाए और भरोसा बढ़े, तब वित्तीय स्थिति से जुड़ी जरूरी बातें खुलकर साझा की जा सकती हैं.
परिवार और दोस्तों की बुराई करने से बचें
अगर रिश्ते की शुरुआत में ही आप अपने परिवार, दोस्तों या करीबी लोगों की लगातार शिकायत करने लगते हैं, तो सामने वाला आपके व्यवहार को लेकर सवाल उठा सकता है. उसे लग सकता है कि आप हर रिश्ते में कमियां तलाशते हैं. अपनी परेशानियां साझा करना स्वाभाविक है, लेकिन हर बातचीत को दूसरों की बुराई में बदल देना रिश्ते की शुरुआत के लिए अच्छा संकेत नहीं होता. शुरुआत में एक-दूसरे को समझने और सकारात्मक माहौल बनाने पर ज्यादा ध्यान देना बेहतर है.
भविष्य की पूरी प्लानिंग सामने वाले पर न थोपें
रिश्ता शुरू होते ही शादी कब होगी, बच्चे कितने होंगे, करियर कहां रहेगा या जिंदगी में कौन-कौन से बड़े फैसले लेने हैं, इन सभी बातों पर दबाव बनाना सामने वाले को असहज कर सकता है. भविष्य को लेकर अपनी सोच साझा करना गलत नहीं है, लेकिन इसके लिए सही समय और सही मौका जरूरी है. नए रिश्ते को पहले समझने और मजबूत होने का समय दें. जब दोनों के बीच भरोसा बढ़ेगा, तब भविष्य की योजनाओं पर खुलकर बात करना ज्यादा सहज रहेगा.
ये भी पढ़ें- बार-बार याद आता है Ex? आपका भी नहीं हो पा रहा Move on! इन तरीकों से खुद को संभालें और जिंदगी में लौटाएं खुशियां