हिंदू धर्म में वापसी करेंगी नाजिया इलाही खान, बोलीं- 'बहुत जल्द सनातन में आ रही हूं', खुद बताई वजह

सुप्रीम कोर्ट की वकील और बीजेपी नेता नाजिया इलाही खान ने जल्द ही सनातन धर्म में वापसी करने का ऐलान किया है.

Nazia Elahi Khan on Hinduism says I am returning to Sanatan
Image Source: Social Media

Nazia Elahi Khan: सुप्रीम कोर्ट की वकील और बीजेपी नेता नाजिया इलाही खान ने जल्द ही सनातन धर्म में वापसी करने का ऐलान किया है. उन्होंने लोनी से बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर को पिता समान बताते हुए कहा कि वह उनके साथ खड़े हैं और उन्होंने उन्हें अपना गोत्र दिया है. नाजिया ने कहा कि वह अपने पूर्वजों की सच्चाई स्वीकार करने जा रही हैं.

नाजिया इलाही खान ने कहा कि उन्होंने संविधान, समान नागरिक संहिता (UCC) और इस्लाम में मौजूद कुरीतियों जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी है. उन्होंने दावा किया कि इन मुद्दों पर उनके बयानों के कारण कुछ लोग उनसे नाराज हैं. नाजिया के मुताबिक, हाल ही में मध्य प्रदेश के इंदौर में रामघाट जाकर श्राद्ध करने के बाद उन्होंने सनातन धर्म में वापसी का ऐलान किया था.

मध्य प्रदेश में जाकर किया था पितरों का श्राद्ध

बीते दिनों नाजिया इलाही खान मध्य प्रदेश के रामघाट पहुंची थीं, जहां उन्होंने अपने पूर्वजों के लिए श्राद्ध किया था. इसके बाद उन्होंने सनातन धर्म अपनाने की बात कही. नाजिया ने कहा कि वह अपने पूर्वजों की असलियत को स्वीकार करते हुए उसी सनातन धर्म में वापसी करने जा रही हैं.

कौन हैं नाजिया इलाही खान, बीजेपी में क्या है भूमिका?

नाजिया इलाही खान मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं. उन्होंने कोलकाता विश्वविद्यालय से एलएलबी और एलएलएम की पढ़ाई की है. वह सुप्रीम कोर्ट में वकील हैं और तीन तलाक के मामले में इशरत जहां की कानूनी सलाहकार के तौर पर भी चर्चा में रही थीं. साल 2018 में वह बीजेपी में शामिल हुईं. फिलहाल वह बीजेपी के अल्पसंख्यक मोर्चे से जुड़ी हैं.

पाकिस्तान से जान से मारने की धमकी मिलने का दावा

नाजिया इलाही खान ने पहले पाकिस्तान से जान से मारने की धमकी मिलने का दावा भी किया था. उन्होंने आरोप लगाया था कि आईएसआई के हैंडलर शहजाद भट्टी और उसके कमांडो हुनैन राणा ने उन्हें निजी नंबरों से धमकी भरे वीडियो और संदेश भेजे.

नाजिया के मुताबिक, इन संदेशों में उन्हें, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सुवेंदु अधिकारी को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी. उन्होंने इस मामले में पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों से शिकायत भी की थी.