Nandigram By-Election Result: पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे ने सबका ध्यान खींचा है. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की उम्मीदवार हसीरानी रथ ने कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को 1,22,753 वोटों के बड़े अंतर से हराया. निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, हसीरानी रथ को कुल 1,64,427 वोट मिले, जबकि मिलन प्रधान के खाते में 41,674 वोट आए. नंदीग्राम में यह जीत इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि इस सीट का पश्चिम बंगाल की राजनीति में खास महत्व रहा है.
कौन हैं हसीरानी रथ, जिनकी जीत की हो रही चर्चा?
बीजेपी ने नंदीग्राम उपचुनाव में हसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया था. वह शुभेंदु अधिकारी के पूर्व निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हैं, जिनकी 4 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. कांग्रेस ने मिलन प्रधान को चुनाव मैदान में उतारा, जिन्हें ममता बनर्जी का समर्थन मिला था. वहीं, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के उम्मीदवार शांति गोपाल गिरि भी चुनाव में शामिल थे. मतगणना के अंतिम आंकड़ों के अनुसार, शांति गोपाल गिरि को 5,779 वोट मिले और वह तीसरे स्थान पर रहे.
शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट
नंदीग्राम सीट पर हुए उपचुनाव की अहम वजह शुभेंदु अधिकारी का इस्तीफा था. 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम और भवानीपुर, दोनों सीटों पर जीत दर्ज की थी. बाद में उन्होंने भवानीपुर सीट अपने पास रखने का फैसला किया और नंदीग्राम से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद यहां उपचुनाव कराना पड़ा. इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में भी नंदीग्राम राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहा था, जब शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को इस सीट पर हराया था.
नंदीग्राम में किसे कितने वोट मिले?
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, नंदीग्राम में 3 अक्टूबर को मतदान हुआ था और मतगणना 9 अक्टूबर को पूरी हुई. बीजेपी की हसीरानी रथ को 1,64,427 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के मिलन प्रधान को 41,674 वोट प्राप्त हुए. दोनों के बीच जीत का अंतर 1,22,753 वोट रहा. CPI उम्मीदवार शांति गोपाल गिरि को 5,779 वोट मिले. इस नतीजे के साथ बीजेपी ने नंदीग्राम सीट पर बड़ी जीत दर्ज की.
ये भी पढ़ें: कौन हैं भारतीय मूल की नवी पिल्लई? जिन्हें मिला नोबेल शांति पुरस्कार, तमिलनाडु से है खास नाता