Punjabi singer Inder Kaur Murder: पंजाब की उभरती हुई सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर की हत्या ने पूरे इलाके को हिला दिया है. सोमवार सुबह करीब 11 बजे उनका शव नीलो नहर से बरामद किया गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इंदर कौर पिछले करीब छह दिनों से लापता थीं और परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था. शव मिलने के बाद मामला सनसनीखेज बन गया है. परिवार ने मोगा के रहने वाले एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
उनका कहना है कि आरोपी लंबे समय से इंदर कौर पर शादी करने का दबाव बना रहा था. जब इंदर ने शादी से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने कथित तौर पर गन प्वाइंट पर उनका अपहरण कर लिया. परिजनों का दावा है कि आरोपी पहले से ही पूरी साजिश रच चुका था. बताया जा रहा है कि वह कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब पहुंचा था और वारदात को अंजाम देने के बाद फिर उसी रास्ते कनाडा फरार हो गया.
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोस्ती
परिवार के मुताबिक, करीब तीन साल पहले इंदर कौर की आरोपी से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी, लेकिन बाद में इंदर को पता चला कि युवक पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं. यह सच्चाई सामने आने के बाद इंदर ने उससे दूरी बना ली और शादी करने से मना कर दिया. परिवार का आरोप है कि इसी बात से आरोपी नाराज रहने लगा और लगातार इंदर पर दबाव बनाता रहा.
परिवार ने बताया सुनियोजित हत्या
परिजनों का कहना है कि आरोपी इंदर को लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान कर रहा था. उन्हें शक है कि यह हत्या पूरी तरह सुनियोजित थी. परिवार ने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है. घटना के बाद इलाके में भी आक्रोश का माहौल है और सोशल मीडिया पर लोग इंसाफ की मांग कर रहे हैं.
पुलिस जांच में जुटी
शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया गया. इसके बाद पोस्टमॉर्टम के लिए समराला के सिविल अस्पताल भेजा गया. पुलिस अब अपहरण, हत्या और आरोपी की फरारी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी को भागने में किस-किस ने मदद की.
परिवार में पसरा मातम
बताया जा रहा है कि इंदर कौर के माता-पिता और दो भाई कोरिया में रहते हैं, जबकि उनका एक भाई लुधियाना के जमालपुर इलाके में रहता है. इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. इंदर कौर के फैंस और स्थानीय लोग भी इस वारदात से स्तब्ध हैं और आरोपी को जल्द सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तानी-बांग्लादेशी नागरिकों की भारत में एंट्री पर सख्ती, सरेंडर करना होगा पासपोर्ट, जानें नया नियम