MP Police SI Recruitment 2026: मध्य प्रदेश में पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अहम खबर है. मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) की ओर से सूबेदार और सब-इंस्पेक्टर के पदों पर भर्ती के लिए जल्द आवेदन प्रक्रिया शुरू होने वाली है. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 9 सितंबर 2026 से आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकेंगे. आवेदन की अंतिम तारीख 23 सितंबर तय की गई है, जबकि उम्मीदवार 28 सितंबर तक अपने आवेदन में जरूरी सुधार कर सकेंगे.
28 अक्टूबर को होगी भर्ती परीक्षा
MPESB की ओर से सूबेदार और सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा का आयोजन 28 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा. परीक्षा दो शिफ्ट में होगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी. पहली पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 8 से 9 बजे और दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 1 से 2 बजे के बीच परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा. चयनित उम्मीदवारों को 36,200 रुपये से लेकर 1,14,800 रुपये तक मासिक वेतनमान दिया जाएगा.
ग्रेजुएशन जरूरी, 33 साल तक उम्र सीमा
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री या निर्धारित समकक्ष योग्यता होना जरूरी है. उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 33 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि आरक्षित वर्ग को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी. भर्ती प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों को प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और इंटरव्यू के चरणों से गुजरना होगा. प्रारंभिक परीक्षा में हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, भूगोल, विज्ञान, नागरिक शास्त्र और कंप्यूटर ज्ञान सहित विभिन्न विषयों से सवाल पूछे जाएंगे.
आवेदन शुल्क कितना है?
सूबेदार और सब-इंस्पेक्टर भर्ती के लिए अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये परीक्षा शुल्क देना होगा. वहीं आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है. आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद उम्मीदवार MPESB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे. सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती मध्य प्रदेश पुलिस में शामिल होने का एक महत्वपूर्ण अवसर है.
ये भी पढ़ें: BOB में स्पेशलिस्ट ऑफिसर बनने का मौका, 1100 पदों पर निकली वैकेंसी, जानें योग्यता और सैलरी