BOB SO Recruitment 2026: बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. बैंक ऑफ बड़ौदा ने स्पेशलिस्ट ऑफिसर के 1100 पदों पर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 4 सितंबर 2026 से शुरू कर दी है. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 24 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं. भर्ती में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के जरिए किया जाएगा.
अलग-अलग पदों के लिए तय है आयु सीमा
इस भर्ती में वेल्थ एग्जीक्यूटिव पद के लिए उम्मीदवार की उम्र कम से कम 22 वर्ष और अधिकतम 32 वर्ष होनी चाहिए. वहीं, क्रेडिट एनालिस्ट पद के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 33 वर्ष निर्धारित की गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी. आवेदन के लिए उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक की डिग्री के साथ संबंधित क्षेत्र में जरूरी कार्यानुभव भी होना चाहिए.
1100 पदों में 1000 वेल्थ एग्जीक्यूटिव
बैंक ऑफ बड़ौदा की इस भर्ती के तहत कुल 1100 पद भरे जाएंगे. इनमें वेल्थ एग्जीक्यूटिव के 1000 पद और क्रेडिट एनालिस्ट के 100 पद शामिल हैं. आवेदन शुल्क की बात करें तो जनरल, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 850 रुपये, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग और महिला उम्मीदवारों को 175 रुपये शुल्क देना होगा.
पद के अनुसार मिलेगी आकर्षक सैलरी
स्पेशलिस्ट ऑफिसर पदों पर चयनित उम्मीदवारों को उनके ग्रेड के अनुसार वेतन दिया जाएगा. JMG/S-I ग्रेड में वेतनमान 48,480 रुपये से 67,160 रुपये तक रहेगा, जबकि MMG/S-II ग्रेड में 64,820 रुपये से 93,960 रुपये तक वेतन मिलेगा. ऐसे में बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह भर्ती एक अच्छा अवसर हो सकती है.