Kunal Shah META: ग्लोबल टेक कंपनी मेटा ने भारतीय फिनटेक कंपनी CRED के संस्थापक कुणाल शाह को WhatsApp का नया ग्लोबल चीफ नियुक्त करने का ऐलान किया है. इसके साथ ही मेटा ने CRED में 8,550 करोड़ रुपये का बड़ा निवेश भी किया है.
इस फैसले के बाद कुणाल शाह CRED की रोजमर्रा की जिम्मेदारियों से अलग होकर मेटा की ग्लोबल लीडरशिप टीम का हिस्सा बनेंगे. उनसे पहले WhatsApp की कमान विल कैथकार्ट संभाल रहे थे.
कौन हैं कुणाल शाह?
कुणाल शाह भारत के जाने-माने उद्यमियों में गिने जाते हैं. उन्होंने 2010 में FreeCharge नाम का ऑनलाइन रिचार्ज प्लेटफॉर्म शुरू किया था. बाद में 2015 में इस कंपनी को Snapdeal ने खरीद लिया. इसके बाद 2018 में उन्होंने CRED की शुरुआत की. आज CRED भारत की बड़ी फिनटेक कंपनियों में शामिल है और इसके 1.7 करोड़ से ज्यादा सक्रिय सदस्य हैं.
WhatsApp के लिए क्यों खास हैं कुणाल शाह?
मेटा को उम्मीद है कि कुणाल शाह के अनुभव से WhatsApp खासकर डिजिटल पेमेंट और फाइनेंशियल सर्विसेज के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ेगा. कुणाल शाह अपनी अलग सोच, नए आइडियाज और बिजनेस समझ के लिए जाने जाते हैं. उनकी अगुवाई में CRED ने कम समय में फिनटेक सेक्टर में मजबूत पहचान बनाई है.
CRED को मिली बड़ी फंडिंग
मेटा के 8,550 करोड़ रुपये के निवेश के बाद CRED की कुल वैल्यू करीब 4.5 अरब डॉलर तक पहुंच गई है. यह निवेश कंपनी को अपने कारोबार का विस्तार करने और भविष्य में IPO की तैयारी को मजबूत करने में मदद करेगा.
कारोबार को और बढ़ाएगी कंपनी
CRED का लोन बिजनेस लगातार बढ़ रहा है. कंपनी के पार्टनर वित्तीय संस्थानों के लिए मैनेज की जाने वाली राशि लगभग 24,000 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है. वहीं कंपनी की सालाना कमाई करीब 3,200 करोड़ रुपये बताई जा रही है. नई फंडिंग का इस्तेमाल कारोबार बढ़ाने और नए क्षेत्रों में विस्तार के लिए किया जाएगा.
CRED की कमान अब कौन संभालेगा?
कुणाल शाह के WhatsApp से जुड़ने के बाद मितेन संपत को CRED का अंतरिम CEO बनाया गया है. कंपनी का कहना है कि इस बदलाव का उसके कारोबार पर कोई असर नहीं पड़ेगा. CRED पहले की तरह अपने प्लेटफॉर्म और सेवाओं को बेहतर बनाने पर काम करता रहेगा.
भविष्य पर जताया भरोसा
कुणाल शाह ने कहा कि CRED की शुरुआत समय पर कर्ज चुकाने वाले लोगों को रिवॉर्ड देने के उद्देश्य से हुई थी. आज यह एक मजबूत और मुनाफे वाला बिजनेस बन चुका है, जो लाखों ग्राहकों को सेवाएं दे रहा है. उन्होंने भरोसा जताया कि कंपनी की मौजूदा टीम आगे भी इसी तरह कारोबार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी.
ये भी पढ़ें- पूरा शहर धुआं-धुआं! यूक्रेन ने रूस पर फिर किया बड़ा हमला, सेमीकंडक्टर प्लांट को बनाया निशाना