CSK vs RCB: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स को 43 रनों से हराकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की. एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी.
जहां एक ओर आरसीबी ने विशाल स्कोर खड़ा कर मैच पर कब्जा जमाया, वहीं दूसरी ओर कई खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत उपलब्धियां हासिल कर इस मुकाबले को खास बना दिया.
CSK के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर
पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 3 विकेट के नुकसान पर 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. यह आईपीएल इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर बन गया.
इससे पहले यह रिकॉर्ड 231 रन का था, जिसे गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स ने बनाया था. आरसीबी ने इस आंकड़े को काफी पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया.
छक्कों की बरसात, टूटा पुराना रिकॉर्ड
इस मुकाबले में आरसीबी के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए कुल 19 छक्के जड़े. यह भी चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा छक्कों का नया रिकॉर्ड है.
इससे पहले राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स ने सीएसके के खिलाफ 17-17 छक्के लगाए थे.
भुवनेश्वर कुमार का ऐतिहासिक मुकाम
इस मैच में भुवनेश्वर कुमार ने भी एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की. उन्होंने आईपीएल में अपने 200 विकेट पूरे कर लिए और ऐसा करने वाले पहले तेज गेंदबाज बन गए.
भुवनेश्वर ने यह उपलब्धि 192 मैचों में हासिल की. अब उनसे आगे सिर्फ युजवेंद्र चहल हैं, जिनके नाम आईपीएल में 224 विकेट दर्ज हैं.
विराट कोहली ने तोड़ा रोहित शर्मा का रिकॉर्ड
इस मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण विराट कोहली का रिकॉर्ड रहा. कोहली अब आईपीएल में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपने रन की संख्या 1188 तक पहुंचा दी, जिससे उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया. रोहित के नाम कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 1161 रन दर्ज हैं.
CSK की कोशिश नाकाम, 207 पर सिमटी पारी
250 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन लक्ष्य बहुत बड़ा साबित हुआ. टीम की पारी आखिरी ओवर में 207 रन पर सिमट गई और उसे 43 रन से हार का सामना करना पड़ा.
यह आईपीएल 2026 में सीएसके की लगातार तीसरी हार है, जिससे टीम की स्थिति अंक तालिका में कमजोर होती जा रही है.
ये भी पढ़ें- 'बम ल्यारी में फूटा, धमाका बांद्रा में...' धुरंधर की कामयाबी पर जाकिर खान ने ली चुटकी, देखें Video