मंडी में रातभर खाई में पड़ी रही कार, दोपहर में खुला हादसे का राज; 6 की मौत

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह युवकों की मौत हो गई. जोगिंदरनगर उपमंडल के लडभड़ोल इलाके में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसा बीती रात हुआ था, लेकिन इसकी जानकारी बुधवार दोपहर को सामने आई.

mandi-himachal-pradesh-car-falls-into-gorge-six-youths-dead
Image Source: Internet

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह युवकों की मौत हो गई. जोगिंदरनगर उपमंडल के लडभड़ोल इलाके में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसा बीती रात हुआ था, लेकिन इसकी जानकारी बुधवार दोपहर को सामने आई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतकों में ज्यादातर नाबालिग बताए जा रहे हैं.

हादसे में छह युवकों की गई जान

इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी छह युवकों की पहचान कर ली गई है, मृतकों में सिमस गांव के यस राय, पिता रामलाल और आयुष, पिता विनोद कुमार शामिल हैं, वहीं, गवाला गांव के पंकज, पिता पराक्रम सिंह और अर्नव, पिता नरेंद्र कुमार की भी हादसे में मौत हो गई. इसके अलावा बलोटू गांव के आदित्य, पिता अजय कुमार और सिमस गांव के नूजू, पिता नवीन राय ने भी इस हादसे में जान गंवाई. छह युवकों की मौत की खबर से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है. आसपास के गांवों में भी शोक का माहौल है.

रात में हुआ हादसा, दोपहर में मिली जानकारी

जानकारी के मुताबिक, कार बीती रात लडभड़ोल इलाके में सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी. रात के अंधेरे में हादसा होने के कारण इसकी जानकारी तुरंत नहीं मिल सकी. बुधवार दोपहर को दुर्घटना का पता चलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई.

पुलिस कर रही हादसे के कारणों की जांच

डीएसपी पधर लोकेन्द्र नेगी ने हादसे में छह युवकों की मौत की पुष्टि की है. पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार किस वजह से अनियंत्रित होकर खाई में गिरी. मामले में आगे की जांच जारी है.