West Bengal Election Results 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणामों में एक नई राजनीतिक लहर का संकेत मिल रहा है. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की जोरदार बढ़त ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है. कोलकाता स्थित बीजेपी मुख्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने अपने नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें लहराकर जमकर जश्न मनाया और 'जय श्री राम' के नारे लगाए. इस दौरान तृणमूल कांग्रेस (TMC) की स्थिति कमजोर दिख रही है और पार्टी 15 साल बाद सत्ता से बाहर होती नजर आ रही है. चुनावी रुझानों से साफ है कि ममता बनर्जी अपनी सत्ता को बचाए रखने में नाकाम रही हैं. आइए, जानते हैं वे पांच कारण जिनकी वजह से ममता बनर्जी की सत्ता में वापसी अब मुश्किल हो सकती है.
कानून-व्यवस्था
पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था का मुद्दा हमेशा ही गर्माता रहा है, लेकिन इस बार यह चुनावी मुद्दा बीजेपी के पक्ष में जमकर भुनाया गया. राज्य में लगातार हो रही हिंसा, राजनीतिक झड़पें और अपराध की घटनाएं आम लोगों में चिंता का विषय बन चुकी थीं. 'रेप और मर्डर' जैसे घटनाओं के बाद लोगों का सब्र टूट गया और बीजेपी ने इसे अपने चुनावी अभियान का अहम हिस्सा बनाया. राज्य में कानून-व्यवस्था पर ममता सरकार के फेल होने के आरोप ने भाजपा के पक्ष में माहौल बनाया और मतदाताओं को अपनी तरफ खींचा. चुनावी हिंसा और प्रशासन की कमजोर कार्रवाई ने कई इलाकों में TMC की स्थिति को कमजोर कर दिया.
भ्रष्टाचार पर बढ़ती नाराजगी
पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार के आरोपों ने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ माहौल को और बिगाड़ दिया. सरकारी योजनाओं, भर्तियों और टेंडर से जुड़ी पारदर्शिता की कमी पर विपक्ष ने लगातार सवाल उठाए. बीजेपी ने इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया और आम जनता को यकीन दिलाया कि राज्य सरकार में हो रही भर्तियों और ठेके-टेंडर में भ्रष्टाचार फैला हुआ है. अमित शाह ने अपनी रैलियों में 'सिंडिकेट राज' को खत्म करने का वादा किया, जो मतदाताओं के बीच एक मजबूत संदेश के तौर पर गया. इस भ्रष्टाचार के आरोपों का कोई असरदार जवाब TMC से नहीं मिला, जिसका फायदा बीजेपी को हुआ.
घुसपैठियों के मुद्दे पर कमजोर रुख
बीजेपी ने तृणमूल कांग्रेस पर लगातार आरोप लगाए कि वह घुसपैठियों के खिलाफ सख्ती नहीं दिखा रही. सीमावर्ती इलाकों में यह मुद्दा विशेष रूप से प्रभावी था, क्योंकि बीजेपी ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा और स्थानीय संसाधनों से जोड़ते हुए इसे एक गंभीर मुद्दा बना दिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने जनता को यह भरोसा दिलाया कि अगर बीजेपी सत्ता में आई, तो घुसपैठियों को राज्य से बाहर कर दिया जाएगा. इस मुद्दे पर TMC का जवाब कमजोर दिखा, जिससे बीजेपी के पक्ष में माहौल और मजबूत हुआ.
मुस्लिम तुष्टिकरण के आरोप और विरोध
बीजेपी ने ममता बनर्जी पर लगातार मुस्लिम तुष्टिकरण के आरोप लगाए और कहा कि राज्य सरकार ने एक विशेष समुदाय के हितों को प्राथमिकता दी है. इस आरोप ने खासकर उन क्षेत्रों में प्रभाव डाला, जहां अपराधी मुसलमानों पर कठोर कार्रवाई न किए जाने का विरोध किया गया. बीजेपी ने इसे अपने पक्ष में बखूबी भुनाया, जबकि TMC इस आरोप का सही तरीके से जवाब देने में नाकाम रही. इसका नतीजा यह हुआ कि विपक्ष को अपने आरोपों को पुख्ता करने का मौका मिल गया, और राज्य की जनता में बदलाव की भावना बलवती हुई.
15 साल का एंटी-इन्कंबैंसी फैक्टर
15 साल से सत्ता में रही TMC के लिए एंटी-इन्कंबैंसी फैक्टर एक बड़ा कारण बना. एक ही पार्टी का शासन लंबे समय तक चलने से राज्य की जनता में बदलाव की इच्छा जाग्रत हो गई थी. स्थानीय मुद्दों, विकास कार्यों की कमी और प्रशासनिक ढिलाई ने जनता को असंतुष्ट किया. बीजेपी ने इस असंतोष को अपने पक्ष में बदला और खुद को एक मजबूत विकल्प के रूप में पेश किया. ऐसे में, राज्य की जनता ने एक नई सरकार की उम्मीद जताई और बीजेपी की ओर रुख किया.
बीजेपी की आक्रामक रणनीति
पश्चिम बंगाल के चुनावी रुझानों में बीजेपी की बढ़त ने यह साफ कर दिया है कि इस बार राजनीति का मुकाबला पूरी तरह बदल चुका है. बीजेपी की आक्रामक रणनीति और TMC के खिलाफ बने माहौल ने राज्य के चुनावी नतीजों की दिशा तय कर दी. कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, घुसपैठ, तुष्टिकरण और एंटी-इन्कंबैंसी जैसे मुद्दे बीजेपी के पक्ष में गए. हालांकि, अंतिम परिणाम अभी बाकी हैं, लेकिन रुझान यह संकेत दे रहे हैं कि पश्चिम बंगाल की राजनीति एक नए दौर में प्रवेश करने जा रही है. बीजेपी की पहली सरकार बनने की उम्मीद अब मजबूत नजर आ रही है.
ये भी पढ़ें: भगवामय हुआ भारत! बंगाल में प्रचंड जीत के साथ 22 राज्यों में काबिज हुई NDA, जानें किन प्रदेशों में है सरकार