Qatar LNG Blast: कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में एक फैक्ट्री में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया. तकनीकी खराबी के कारण जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद फैक्ट्री में आग लग गई. इस घटना में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 66 लोग घायल हुए हैं. कतर के ऊर्जा मंत्रालय ने सोमवार को इस हादसे की जानकारी दी.
जांच में जुटीं एजेंसियां
हादसे के बाद संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं. शुरुआती जांच में इसे तकनीकी खराबी से हुआ हादसा बताया गया है. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी तरह की साजिश, तोड़फोड़ या दुश्मनी से जुड़े सबूत नहीं मिले हैं. इसलिए इसे एक दुर्घटना माना जा रहा है.
भारतीय और पाकिस्तानी नागरिकों की भी मौत
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों में भारतीय और पाकिस्तानी नागरिक भी शामिल हैं. वहीं 66 घायल लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी भी घायल की हालत गंभीर नहीं बताई गई है.
Video footage which allegedly shows the moment the explosion occurred tonight at the Ras Laffan Liquified Natural Gas Plant near Doha, Qatar. pic.twitter.com/tEZLxzrZjW
— OSINTdefender (@sentdefender) June 21, 2026
भारतीय दूतावास ने जताया दुख
कतर में स्थित भारतीय दूतावास ने हादसे पर गहरा दुख जताया है. दूतावास ने कहा कि इस दुखद घटना में प्रभावित हुए लोगों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की जाती है. दूतावास ने यह भी बताया कि वह लगातार कतर के अधिकारियों के संपर्क में है और प्रभावित भारतीयों को हर संभव मदद दी जाएगी.
जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
जरूरतमंद लोगों और पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं.
संपर्क नंबर:
974-55647502
974-55384683
ईमेल: [email protected]
दूतावास ने लोगों से किसी भी सहायता या जानकारी के लिए इन नंबरों और ईमेल पर संपर्क करने की अपील की है.
खाड़ी क्षेत्र के बड़े औद्योगिक हादसों में शामिल
यह हादसा खाड़ी देशों के ऊर्जा क्षेत्र में हाल के वर्षों के सबसे बड़े औद्योगिक हादसों में से एक माना जा रहा है. घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी जांच को और सख्त किया जा रहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
ये भी पढ़ें- पूरा शहर धुआं-धुआं! यूक्रेन ने रूस पर फिर किया बड़ा हमला, सेमीकंडक्टर प्लांट को बनाया निशाना