Eknath Shinde Operation Tiger: महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. उद्धव ठाकरे गुट के 6 सांसदों ने पार्टी छोड़कर एकनाथ शिंदे की शिवसेना का दामन थाम लिया है. इस मौके पर शिंदे ने कहा कि उनका "ऑपरेशन टाइगर" अब पूरी तरह सफल हो गया है. उन्होंने कहा कि वह कोई भी काम अधूरा नहीं छोड़ते और आज इसका नतीजा सभी के सामने है.
संजय राउत पर साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान एकनाथ शिंदे ने शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि अब उनके पास तीन-तीन संजय हैं, संजय दीना पाटिल, संजय देशमुख और संजय जाधव. चौथे संजय राठौड़ हैं, इसलिए किसी और संजय की बात करने की जरूरत नहीं है.
Eknath Shinde LIVE । यशवंतराव चव्हाण सभागृह, मुंबई शिवसेनेची पत्रकार परिषद - लाईव्ह https://t.co/CvzFKGVeOs
— Eknath Shinde - एकनाथ शिंदे (@mieknathshinde) June 22, 2026
मुंबई पहुंचकर शिंदे से मिले सांसद
पार्टी छोड़ने वाले सभी 6 सांसद सोमवार को पहली बार एक साथ मुंबई पहुंचे. उन्होंने सबसे पहले शिंदे के नंदनवन आवास पर मुलाकात की और फिर एक कार्यक्रम में आधिकारिक रूप से शिवसेना में शामिल होने का ऐलान किया.
सांसदों ने कहा कि विपक्ष में रहने के कारण अपने क्षेत्रों के विकास कार्य करवाने में काफी मुश्किलें आ रही थीं. फंड की कमी की वजह से जनता के काम प्रभावित हो रहे थे, इसलिए उन्होंने यह फैसला लिया.
बालासाहेब के विचारों वाली शिवसेना में आए
एकनाथ शिंदे ने कहा कि उनकी पार्टी बालासाहेब ठाकरे के विचारों पर चलती है. इसी सोच के कारण इन सांसदों ने "असली शिवसेना" में आने का फैसला किया है. उन्होंने कहा कि जून 2022 में उन्होंने बगावत की थी और अब चार साल बाद उन्होंने "छक्का" मार दिया है.
विकास और हिंदुत्व हमारी प्राथमिकता
शिंदे ने कहा कि उनकी पार्टी का मुख्य एजेंडा विकास और हिंदुत्व है. उन्होंने कहा कि वे किसी को रोकने या परेशान करने के लिए राजनीति नहीं कर रहे हैं, बल्कि शिवसेना को मजबूत बनाने के लिए काम कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी अपने वादे निभाने के लिए जानी जाती है और आगे भी जनता के हित में काम करती रहेगी.
सांसदों को दिया पूरा सम्मान का भरोसा
एकनाथ शिंदे ने नए शामिल हुए सांसदों को भरोसा दिलाया कि उनके क्षेत्रों के विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी. उन्होंने कहा, "मैं जो वादा करता हूं, उसे पूरा करता हूं. हमारी पार्टी में कोई मालिक नहीं है, हम सभी साथी की तरह काम करते हैं. मैं आपके साथ एक कार्यकर्ता की तरह व्यवहार करूंगा, मालिक की तरह नहीं." शिंदे ने यह भी कहा कि सभी सांसदों और उनके कार्यकर्ताओं का पूरा सम्मान किया जाएगा और किसी का अपमान नहीं होने दिया जाएगा.
महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव
उद्धव ठाकरे गुट के 6 सांसदों का शिंदे के साथ जाना महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है. इससे शिवसेना की अंदरूनी राजनीति और आने वाले चुनावों पर भी असर पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें- ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने दिया इस्तीफा, 10 साल में पद छोड़ने वाले छठे पीएम बने