लव कुश रामलीला में राम जन्मोत्सव की धूम, केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम निभाएंगे निषाद राज की भूमिका

लव कुश रामलीला कमेटी, लाल किला मैदान में सोमवार को प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव को बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया. राम जन्म के अवसर पर मिठाइयां बांटी गईं और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने खुशियां मनाईं.

luv-kush-ramlila-juel-oram-rajkummar-rao-delhi-2026
Image Source: Social Media

नई दिल्ली: लव कुश रामलीला कमेटी, लाल किला मैदान में सोमवार को प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव को बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया. राम जन्म के अवसर पर मिठाइयां बांटी गईं और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने खुशियां मनाईं. पूरे रामलीला परिसर में उत्सव और भक्ति का वातावरण देखने को मिला. कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि आज की लीला में पुत्रेष्टि यज्ञ, प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव, नामकरण संस्कार, विश्वामित्र के यज्ञ में राक्षसों द्वारा विघ्न, ताड़का वध और सुबाहु वध के प्रसंगों का मंचन किया गया. अंत में प्रभु श्रीराम की आरती के साथ लीला संपन्न हुई.

अर्जुन कुमार ने बताया कि केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम के निवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने  14 अक्टूबर 2026 को लव कुश रामलीला के मंच पर निषाद राज की भूमिका निभाने की घोषणा की. यह रामलीला कमेटी के लिए गौरव का विषय है. इससे पूर्व लव कुश रामलीला के मंच पर दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे तथा एनडीएमसी के वाइस चेयरमैन कुलजीत सिंह चहल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति विभिन्न किरदारों में अभिनय कर चुके हैं.

जुएल ओराम ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन वनवासी समाज, आदिवासी समुदाय और समस्त मानवता के प्रति समान सम्मान, सेवा और समरसता का संदेश देता है. उन्होंने कहा कि भारत में रामलीलाएं हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की पहचान हैं. निषाद राज की भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करने के लिए उन्होंने लव कुश रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि ओडिशा के एक दूरस्थ क्षेत्र से आने वाले उनके लिए रामलीला के मंच पर इस महत्वपूर्ण किरदार को निभाना सौभाग्य की बात है.

कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल ने बताया कि लव कुश रामलीला कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात कर उन्हें रामलीला के अवलोकन के लिए आमंत्रित किया. इस अवसर पर नितिन नबीन ने कहा कि रामलीलाएं देशभर में सौहार्द, शांति और उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित होंगी, प्रतिनिधिमंडल ने अर्जुन कुमार, सुभाष गोयल,  सत्यभूषण जैन, अखिल सिंघल और बृजमोहन गोयल की उपस्थिति में नितिन नबीन का स्मृति चिह्न भेंट कर तथा रामनामी पटका पहनाकर स्वागत किया.

13 अक्टूबर 2026 को फिल्म अभिनेता राजकुमार राव लव कुश रामलीला का अवलोकन करेंगे तथा प्रभु श्रीराम की पूजा-अर्चना करेंगे. कल की लीला में जनक दूत आगमन, अहिल्या उद्धार, अष्ट सखी संवाद, गिरिजा पूजन, सीता स्वयंवर, रावण-बाणासुर संवाद और लक्ष्मण-परशुराम संवाद जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का मंचन किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: दिल्ली के जंतर-मंतर पर अब नहीं होगा प्रोटेस्ट, गृह मंत्रालय प्रदर्शन के लिए तय किए ये 3 जगह, जानें