लखनऊ ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा एक्शन! ऋषभ शुक्ला के घर पर बुलडोजर चला, LDA ने चारों तरफ से किया सील

Lucknow News: लखनऊ के सआदतगंज ट्रिपल मर्डर केस में अब आरोपी के घर पर प्रशासनिक कार्रवाई की गई है. तीन लोगों की हत्या के आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने अवैध निर्माण घोषित करते हुए सील कर दिया है.

lucknow-saadatganj-triple-murder-accused-house-sealed-lda-action
Image Source: Social Media

Lucknow News: लखनऊ के सआदतगंज ट्रिपल मर्डर केस में अब आरोपी के घर पर प्रशासनिक कार्रवाई की गई है. तीन लोगों की हत्या के आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने अवैध निर्माण घोषित करते हुए सील कर दिया है. मौके पर LDA के कई अधिकारी और भारी पुलिस बल तैनात रहा. घर पर बुलडोजर की कार्रवाई भी की गई. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और हत्याकांड को लेकर लोगों के बीच चर्चा जारी है.

मामूली विवाद में चली थीं ताबड़तोड़ गोलियां

यह मामला लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के ब्राह्मण टोला स्थित नौबस्ता का है. सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे घर के बाहर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. इस फायरिंग में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई. मृतकों की पहचान शिवाजी तिवारी, उनके बेटे सुयश तिवारी और भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभु के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी ऋषभ शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया.

बरगद के पेड़ के पास चबूतरा बनाने को लेकर था विवाद

जानकारी के मुताबिक, शिवाजी तिवारी और उनके पड़ोसी ऋषभ शुक्ला के बीच घर के बाहर बरगद के पेड़ के पास चबूतरा बनवाने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. सोमवार सुबह सुयश ने पेड़ के नीचे अपनी कार खड़ी कर दी, जिसके बाद मामला बढ़ गया. लखनऊ के पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा के मुताबिक, सुबह करीब 10:30 बजे शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभु मंदिर में जल चढ़ाने गए थे. इसी दौरान उनकी ऋषभ से कहासुनी हो गई. विवाद सुनकर शिवाजी तिवारी भी बाहर आ गए. आरोप है कि ऋषभ ने पहले शिवेंद्र और शिवाजी को गोली मारी और फिर गोलियों की आवाज सुनकर बाहर आए सुयश पर भी फायरिंग कर दी. शिवाजी और सुयश की मौके पर मौत हो गई, जबकि शिवेंद्र ने अस्पताल में दम तोड़ दिया.

5 दिसंबर को होनी थी सुयश की शादी, घर में पसरा मातम

इस हत्याकांड ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया. सुयश की शादी 5 दिसंबर को तय थी और घटना से एक दिन पहले घर में पूजा भी हुई थी. परिवार जहां शादी की तैयारियों में जुटा था, वहीं अचानक तीन लोगों की मौत से सब कुछ उजड़ गया. आरोपी ऋषभ शुक्ला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उसके बारे में बताया गया है कि वह पहले मर्चेंट नेवी में काम कर चुका है. फिलहाल, आरोपी के घर पर LDA की कार्रवाई ने इस मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है.