झांसी में दिल दहला देने वाला कांड; पहले 3 साल के बेटे का गला रेता, फिर शख्स ने उठाया खौफनाक कदम

Jhansi Crime News: उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आई दो दिल दहला देने वाली घटनाओं ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर समाज में रिश्तों की बुनियाद इतनी कमजोर क्यों होती जा रही है.

Jhansi father kills 3 year old son then suicide UP Crime News
Image Source: Freepik

Jhansi Crime News: उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आई दो दिल दहला देने वाली घटनाओं ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर समाज में रिश्तों की बुनियाद इतनी कमजोर क्यों होती जा रही है. झांसी और प्रतापगढ़ में घटी इन वारदातों में खून के रिश्ते ही खून के प्यासे बन बैठे.

झांसी में पिता बना हैवान

झांसी जिले के रक्सा थाना क्षेत्र के ढिमररपुरा गांव में हुई घटना ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया. यहां प्रेम सिंह नाम के व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने ही तीन साल के बेटे भरत की बेरहमी से हत्या कर दी और इसके बाद खुद फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.

शनिवार सुबह जब पुलिस को इस घटना की सूचना मिली, तो मौके पर पहुंचकर जो दृश्य सामने आया वह रोंगटे खड़े कर देने वाला था. घर के अंदर प्रेम सिंह का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ था, जबकि पास ही उसके मासूम बेटे का खून से सना शव पड़ा हुआ था. पुलिस ने तत्काल फोरेंसिक टीम को बुलाया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

पत्नी की आंखों के सामने बिखर गया परिवार

इस घटना के पीछे की परिस्थितियां और भी दर्दनाक हैं. मृतक की पत्नी आशा के अनुसार, शुक्रवार रात प्रेम सिंह एक समारोह से लौटने के बाद शराब के नशे में था. नशे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी भी हुई थी.

आशा ने बताया कि उसे यह तक पता नहीं चला कि उसका पति कब उनके सोते हुए बेटे को उठाकर ले गया. सुबह जब सच्चाई सामने आई, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. एक ही रात में उसका पूरा परिवार उजड़ गया. पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है और जांच जारी है.

प्रतापगढ़ में बेटी की हत्या

दूसरी घटना प्रतापगढ़ जिले के कोहंडौर क्षेत्र की है, जहां एक पिता ने अपनी ही बेटी की जान ले ली. पुलिस ने आरोपी रामलाल को गिरफ्तार कर लिया है. मृतका की पहचान 30 वर्षीय सोनम के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे घरेलू विवाद और शराब का नशा मुख्य कारण माना जा रहा है. मृतका के पति अजय कुमार की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया.

मामूली विवाद ने ले ली जान

जांच में सामने आया कि घटना वाली रात रामलाल शराब के नशे में घर लौटा था और खाना न बनने को लेकर बेटी से विवाद करने लगा. जब सोनम ने गुस्से में जवाब दिया, तो रामलाल का गुस्सा बेकाबू हो गया.

पहले उसने बेटी पर डंडे से हमला किया और फिर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ गई. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और डंडा बरामद कर आरोपी को जेल भेज दिया है.

ये भी पढ़ें: बाप ने नाबालिग बेटी का गला घोंटा, फिर चेहरे पर एसिड डालकर नहर में फेंकी लाश... लखनऊ में खौफनाक कांड