जम्मू के बिश्नाह क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 11 वर्षीय मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई. वारदात के बाद आरोपी शव को खेत में फेंककर फरार हो गया, लेकिन कुछ ही समय बाद वह खुद पुलिस थाने पहुंचा और अपना जुर्म कबूल कर लिया. इस घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है. शुरुआती जांच में सामने आई वजह ने इस हत्याकांड को और भी दर्दनाक बना दिया है.
लिव-इन संबंध बना मासूम की मौत की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, डोडा निवासी कांता देवी पहले दो शादियां कर चुकी थीं और पिछले कुछ समय से मीरां साहिब क्षेत्र के रहने वाले रवि कुमार के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थीं. जांच में यह बात सामने आई है कि कांता देवी का 11 वर्षीय बेटा रोहित कुमार उर्फ काका आरोपी को पसंद नहीं था. पुलिस का मानना है कि आरोपी बच्चे को अपने रिश्ते में बाधा मानता था और इसी सोच के चलते उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया.
सुनसान इलाके में ले जाकर की हत्या
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम आरोपी रवि कुमार रोहित को अपने साथ चक मुरार के सुनसान इलाके में ले गया. वहां उसने कथित तौर पर ईंट से बच्चे के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी शव को खेत में छोड़कर वहां से निकल गया. देर शाम तक रोहित के घर नहीं लौटने पर उसकी मां और परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और बाद में बाड़ी ब्राह्मणा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई.
आरोपी ने खुद खोला हत्या का राज
घटना ने उस समय अप्रत्याशित मोड़ ले लिया, जब आरोपी खुद मीरां साहिब थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने एक बच्चे की हत्या कर उसका शव खेत में फेंक दिया है. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस मौके पर पहुंची और खेत से रोहित का शव बरामद किया. साथ ही हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट भी कब्जे में ले ली गई. घटनास्थल बिश्नाह थाना क्षेत्र में होने के कारण स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली.
एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उप-जिला अस्पताल बिश्नाह भेज दिया. कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया. बताया जा रहा है कि रोहित अपनी मां और तीन बहनों का इकलौता भाई था. उसकी मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है और पूरे इलाके में शोक के साथ लोगों में गहरा आक्रोश भी देखने को मिल रहा है.
ये भी पढ़ें: पहले शराब पिलाई फिर जहर देकर ससुर को उतारा मौत के घाट... शव को कार में छिपाकर घूमते रहे आरोपी