IPL 2027: आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने टीम के नए हेड कोच के नाम का ऐलान किया है. फ्रेंचाइजी ने अपने पूर्व खिलाड़ी और बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड को यह जिम्मेदारी सौंपी है. इससे पहले महेला जयवर्धने टीम के हेड कोच थे, लेकिन उनके पद छोड़ने के बाद पोलार्ड को यह मौका मिला है.
मुंबई इंडियंस की सह-मालिक नीता अंबानी ने पोलार्ड को नई जिम्मेदारी मिलने पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि पोलार्ड 22 साल की उम्र में टीम से जुड़े थे और बीते 16 सालों में फ्रेंचाइजी का अहम हिस्सा बन गए हैं. उन्हें भरोसा है कि पोलार्ड का अनुभव और टीम के प्रति उनका समर्पण मुंबई इंडियंस को आगे बढ़ाने में मदद करेगा.
हेड कोच बनने पर क्या बोले पोलार्ड?
नई जिम्मेदारी मिलने पर कीरोन पोलार्ड ने कहा कि मुंबई इंडियंस का हेड कोच बनना उनके लिए सम्मान की बात है. यह टीम उनके जीवन और क्रिकेट करियर का अहम हिस्सा रही है. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और टीम के प्रशंसकों के साथ उनका खास रिश्ता है.
पोलार्ड के मुताबिक, खिलाड़ी और फिर कोच के तौर पर मुंबई इंडियंस के साथ काम करने से उन्हें टीम की सोच और उसकी जिम्मेदारियों को समझने का मौका मिला है. ब्लू एंड गोल्ड जर्सी पहनने के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है.
मुंबई इंडियंस को 5 बार चैंपियन बनाने में रहे शामिल
कीरोन पोलार्ड मुंबई इंडियंस के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते हैं. वह टीम की उन सभी पांच खिताबी जीत का हिस्सा रहे, जब मुंबई ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल ट्रॉफी जीती थी.
इसके अलावा पोलार्ड ने 2011 और 2013 में चैंपियंस लीग टी20 का खिताब जीतने में भी टीम की मदद की थी. उनके ऑलराउंड प्रदर्शन ने कई मौकों पर मुंबई इंडियंस को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
IPL में पोलार्ड का शानदार रिकॉर्ड
मुंबई इंडियंस के लिए पोलार्ड ने 189 आईपीएल मैच खेले और 147.32 के स्ट्राइक रेट से 3,412 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 16 अर्धशतक निकले. गेंदबाजी में भी उन्होंने कमाल दिखाया और 69 विकेट अपने नाम किए.
खिलाड़ी के तौर पर संन्यास लेने के बाद पोलार्ड मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच बने थे. अब हेड कोच की जिम्मेदारी मिलने के साथ ही फ्रेंचाइजी के साथ उनका 16 साल पुराना रिश्ता एक नए दौर में पहुंच गया है.