SRH vs DC: हैदराबाद या दिल्ली, आज किसकी होगी जीत? जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड, पिच और वेदर रिपोर्ट

आईपीएल 2026 का रोमांच अपने चरम पर है और आज का मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है, जहां सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स आमने-सामने होंगी.

IPL 2026 SRH vs DC Who will win today Head to Head Records Pitch Report
Image Source: ANI

SRH vs DC: आईपीएल 2026 का रोमांच अपने चरम पर है और आज का मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है, जहां सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स आमने-सामने होंगी. दोनों टीमें हाल ही में हार के दौर से निकलकर जीत की राह पर लौटी हैं, ऐसे में यह मुकाबला संतुलित और रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है.

यह मुकाबला 21 अप्रैल को शाम 7:30 बजे से हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा. यह आईपीएल 2026 का 31वां मैच है और दोनों टीमों के लिए अंक तालिका में आगे बढ़ने का अच्छा मौका है.

दोनों टीमों की फॉर्म पर नजर

सनराइजर्स हैदराबाद ने लगातार दो हार के बाद शानदार वापसी करते हुए अपने पिछले दोनों मुकाबले जीत लिए हैं. टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है और वह घरेलू मैदान पर इस लय को बरकरार रखना चाहेगी.

वहीं दिल्ली कैपिटल्स भी पीछे नहीं है. अक्षर पटेल की कप्तानी में टीम ने पिछली हार के बाद जीत हासिल की है और अब वह लगातार दूसरी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी.

हेड टू हेड में कांटे की टक्कर

दोनों टीमों के बीच अब तक बेहद करीबी मुकाबले हुए हैं. 26 मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद ने 13 और दिल्ली कैपिटल्स ने 12 मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा. इससे साफ है कि किसी भी टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता.

पिच रिपोर्ट: बल्लेबाजों के लिए मददगार

राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम की पिच काली मिट्टी की है और यहां आमतौर पर हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं. शुरुआत में गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है, जिससे बल्लेबाजों को फायदा मिलता है.

दूसरी पारी में बल्लेबाजी और आसान हो जाती है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है. गेंदबाजों के लिए पावरप्ले चुनौतीपूर्ण रह सकता है.

मौसम का मिजाज कैसा रहेगा?

हैदराबाद में आज मौसम ज्यादा बाधा नहीं बनेगा. शाम के समय हल्की बारिश की संभावना जरूर जताई गई है, लेकिन यह बहुत कम है और मैच रुकने की आशंका नहीं के बराबर है.

पहली पारी के दौरान तापमान करीब 33-34 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि दूसरी पारी में यह 29-30 डिग्री तक आ सकता है, जिससे खिलाड़ियों को कुछ राहत मिलेगी.

संभावित प्लेइंग XI

सनराइजर्स हैदराबाद की बात करें तो टीम में अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (कप्तान), हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, शिवांग कुमार, प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन और ईशान मलिंगा शामिल हो सकते हैं.

वहीं दिल्ली कैपिटल्स की संभावित टीम में पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, एकिब नबी, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन और मुकेश कुमार नजर आ सकते हैं.

ये भी पढ़ें- Dhurandhar 2 OTT Release: 150 करोड़ में 'धुरंधर 2' की OTT डील, कब और किस प्लेटफॉर्म पर होगी स्ट्रीम?