RR vs LSG: लखनऊ या राजस्थान... आज कौन मारेगा बाजी; जानिए हेड टू हेड, प्लेइंग 11 और पिच रिपोर्ट

RR vs LSG, IPL 2026: आईपीएल 2026 के 32वें मुकाबले में बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिलेगी।

ipl 2026 Rajasthan Royals vs Lucknow Super Giants head to head pitch report playing 11
Image Source: ANI

RR vs LSG, IPL 2026: आईपीएल 2026 के 32वें मुकाबले में बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिलेगी। यह मैच भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां दोनों टीमें अपनी जीत की राह पर लौटने के लिए संघर्ष करती नजर आएंगी। राजस्थान रॉयल्स का पलड़ा इस सीजन में लखनऊ के मुकाबले भारी रहा है, लेकिन अब देखना यह होगा कि क्या LSG अपनी हार की लकीर तोड़ पाएगी या RR अपने दबदबे को कायम रखेगा।

लखनऊ सुपर जायंट्स की बढ़ी मुश्किलें 

लखनऊ सुपर जायंट्स की इस सीजन में शुरुआत उम्मीदों के मुताबिक नहीं रही है। टीम ने अब तक कुल छह मुकाबले खेले हैं, जिसमें से केवल दो में जीत हासिल की है और बाकी चार मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। टीम का बल्लेबाजी क्रम लगातार संघर्ष कर रहा है, खासकर मिचेल मार्श और मार्करम के साथ। मार्श को अच्छी शुरुआत मिलने के बावजूद वह उसे बड़े स्कोर में बदलने में नाकाम रहे हैं। वहीं, मार्करम इस सीजन में एक भी अर्धशतक नहीं बना पाए हैं।

निकोलस पूरन और कप्तान ऋषभ पंत का प्रदर्शन भी अब तक कुछ खास नहीं रहा। गेंदबाजी में मोहम्मद शमी के पास किफायती गेंदबाजी का मौका था, लेकिन पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्होंने 4 ओवर में 56 रन दिए, जिससे उनकी लय में थोड़ी रुकावट आई। हालांकि, शमी ने कुछ मैचों में अच्छा प्रदर्शन भी किया है। प्रिंस यादव ने अपनी गेंदबाजी से अच्छा प्रभाव डाला है, लेकिन आवेश खान और मोहसिन खान से ज्यादा उम्मीदें थीं जो अब तक पूरी नहीं हो पाईं।

राजस्थान रॉयल्स की फॉर्म में गिरावट

राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन की शुरुआत शानदार की थी और चार मैचों में जीत दर्ज की थी, लेकिन उसके बाद दो लगातार हार से टीम की स्थिति थोड़ी कमजोर हुई है। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ राजस्थान एक मजबूत स्थिति में था, लेकिन आखिरी ओवरों में गेंदबाजों ने टीम को जीत दिलाने में मदद नहीं की। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन करते हुए नजर आए हैं।

हालांकि, कप्तान रियान पराग की खराब फॉर्म और शिमरोन हेटमायर का उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन न करना टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर और नांद्र बर्गर की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया है, जबकि स्पिन विभाग में रवि बिश्नोई और रवींद्र जडेजा की जोड़ी ने अहम मौके पर विकेट चटकाए हैं। जडेजा ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 3 ओवरों में सिर्फ 8 रन देकर 2 विकेट लिए थे, जो कि उनकी काबिलियत को दर्शाता है।

हेड-टू-हेड

अब तक आईपीएल में दोनों टीमों के बीच 6 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से राजस्थान रॉयल्स ने 4 मैच जीतें हैं, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2 मुकाबलों में जीत हासिल की है। यह रिकॉर्ड राजस्थान के पक्ष में है, लेकिन इस सीजन में लखनऊ टीम संघर्ष कर रही है, जो एक चुनौती के रूप में सामने आ सकती है।

पिच रिपोर्ट और मौसम की स्थिति

इकाना क्रिकेट स्टेडियम की पिच को सामान्य रूप से स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार माना जाता है। यहां की पिच पर बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है, क्योंकि गेंद बल्ले पर थोड़ा फंसकर आती है। इस मैदान पर बड़े स्कोर बनाना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहता है, और यही कारण है कि यह मैच कम स्कोर वाले हो सकते हैं। मौसम की बात करें तो बुधवार को लखनऊ में मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा और बारिश का कोई खतरा नहीं है, जिससे मैच बिना किसी रुकावट के खेले जाने की संभावना है।

लखनऊ सुपर जायंट्स संभावित प्लेइंग 11: आयुष बडोनी, मिशेल मार्श, ऋषभ पंत, निकोलस पूरन, एडेन मार्कराम, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, प्रिंस यादव, एम सिद्धार्थ, मोहसिन खान

राजस्थान रॉयल्स संभावित प्लेइंग 11: यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल, रियान पराग, शिम्रोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई, ब्रिजेश शर्मा, नंद्रे बर्गर

ये भी पढ़ें: IPL 2026: अभिषेक शर्मा की धुआंधार पारी ने तोड़े सभी रिकॉर्ड, टी-20 में ऐसा करने वाले बने इकलौते खिलाड़ी