IPL 2026: 37 गेंद में 93 रन... कौन हैं प्रियांश आर्य, जिन्होंने लखनऊ के गेंदबाजों का किया बुरा हाल?

Priyansh Arya Batting: प्रियांश आर्य ने IPL 2026 में अपनी बल्लेबाजी से हर किसी का ध्यान खींच लिया है. न्यू चंडीगढ़ में खेले गए मुकाबले में उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ तूफानी पारी खेली और दर्शकों को रोमांचित कर दिया. प्रियांश आर्य ने इस मैच में सिर्फ 37 गेंदों में 93 रन बनाए.

IPL 2026 93 runs in 37 balls Priyansh Arya who troubled the condition of Lucknow bowlers
Image Source: ANI

Priyansh Arya Batting: प्रियांश आर्य ने IPL 2026 में अपनी बल्लेबाजी से हर किसी का ध्यान खींच लिया है. न्यू चंडीगढ़ में खेले गए मुकाबले में उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ तूफानी पारी खेली और दर्शकों को रोमांचित कर दिया. प्रियांश आर्य ने इस मैच में सिर्फ 37 गेंदों में 93 रन बनाए. 

उनकी बल्लेबाजी का अंदाज इतना आक्रामक था कि गेंदबाजों के पास कोई जवाब नहीं था. सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने यह पारी 251.35 के शानदार स्ट्राइक रेट से खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 4 चौके और 9 लंबे छक्के देखने को मिले. हालांकि, वह शतक से चूक गए. उन्हें एम सिद्धार्थ ने आउट किया, जबकि बाउंड्री के पास मिचेल मार्श ने उनका कैच पकड़ा.

कौन हैं प्रियांश आर्य

प्रियांश आर्य का जन्म 18 सितंबर 2001 को हुआ था. वह बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं और जरूरत पड़ने पर दाएं हाथ से ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी कर लेते हैं. IPL में वह पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं, जबकि घरेलू क्रिकेट में दिल्ली के लिए खेलते हैं.

बचपन से था क्रिकेट का जुनून

प्रियांश के पिता पवन कुमार ने एक बार बताया था कि उनका बेटा बचपन से ही क्रिकेट का दीवाना था. एक दिन जब वे दोनों टीवी पर मैच देख रहे थे, तब सौरव गांगुली और क्रिस गेल की बल्लेबाजी देखकर प्रियांश ने कहा था कि वह भी उनके जैसा खिलाड़ी बनना चाहता है. 

यहीं से उन्होंने लेफ्ट हैंड बल्लेबाजी शुरू की. उस समय क्रिस गेल अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए काफी मशहूर थे, जिसका असर प्रियांश के खेल में भी साफ दिखता है. इसके अलावा गौतम गंभीर भी उनके पसंदीदा खिलाड़ियों में शामिल हैं.

परिवार में टीचर्स की भरमार

प्रियांश आर्य का परिवार पढ़ाई-लिखाई से जुड़ा हुआ है. उनके पिता पहले क्रिकेट खेलते थे, लेकिन ज्यादा सफलता नहीं मिलने के बाद उन्होंने टीचिंग को अपना करियर बना लिया. आज उनके पिता और मां दोनों दिल्ली में स्कूल टीचर हैं. उनकी बड़ी बहन भी पढ़ी-लिखी हैं और टीचिंग से जुड़ी हैं. खास बात यह है कि उनके परिवार में कुल छह लोग टीचर हैं.

IPL करियर पर एक नजर

IPL 2025 की मेगा नीलामी में पंजाब किंग्स ने प्रियांश आर्य को 3.8 करोड़ रुपये में खरीदा था. तब से वह टीम के साथ जुड़े हुए हैं और लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. खबर लिखे जाने तक उन्होंने IPL में 22 मैच खेले हैं, जिसमें 22 पारियों में 686 रन बनाए हैं. उनका औसत 28.24 रहा है और इस दौरान उन्होंने एक शतक और चार अर्धशतक भी लगाए हैं.

भविष्य के स्टार बनते नजर आ रहे

प्रियांश आर्य की बल्लेबाजी देखकर साफ लगता है कि वह आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट के बड़े स्टार बन सकते हैं. उनकी आक्रामक शैली, आत्मविश्वास और बड़े शॉट खेलने की क्षमता उन्हें खास बनाती है. अगर वह इसी तरह खेलते रहे, तो IPL ही नहीं बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट में भी उनका नाम जरूर चमकेगा.

ये भी पढ़ें- श्रीनगर एयरपोर्ट पर दो अमेरिकी नागरिकों पर एक्शन, जांच में सैटेलाइट फोन मिलने के बाद हुए गिरफ्तार