Uttar Pradesh Jobs: उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ाने की कोशिशों के बीच राज्य को जापान से बड़ा निवेश मिला है. बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित उत्तर प्रदेश-जापान निवेश सम्मेलन 2026 में एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड और मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड की कुल 3195 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का वर्चुअल भूमिपूजन किया गया.
ये दोनों परियोजनाएं यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण यानी यीडा क्षेत्र में लगाई जाएंगी. सरकार के मुताबिक, इन परियोजनाओं से 10 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है.
एस्कॉर्ट्स कुबोटा लगाएगी बड़ी विनिर्माण इकाई
ट्रैक्टर और निर्माण उपकरण बनाने वाली एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड यीडा के सेक्टर-10 में करीब 2029 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. कंपनी यहां अपनी विनिर्माण इकाई लगाएगी, जहां ट्रैक्टर और दूसरे उपकरणों से जुड़े उत्पाद बनाए जाएंगे. इस परियोजना से करीब 3800 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है. इकाई शुरू होने के बाद यीडा क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है.
मिंडा कॉरपोरेशन के दो प्रोजेक्ट
मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड यीडा क्षेत्र में दो बड़ी विनिर्माण परियोजनाएं शुरू करने जा रही है. कंपनी इन दोनों परियोजनाओं पर करीब 1166 करोड़ रुपये खर्च करेगी. इन परियोजनाओं से करीब 6440 रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है. इसके अलावा इन उद्योगों के आसपास छोटे सहायक उद्योग, सप्लाई चेन और दूसरी कारोबारी गतिविधियां भी बढ़ सकती हैं.
योगी बोले- यूपी बन रहा निवेश का बड़ा केंद्र
परियोजनाओं के वर्चुअल भूमिपूजन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत और जापान के रिश्ते सिर्फ व्यापार तक सीमित नहीं हैं. दोनों देशों के बीच पुराने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध भी हैं.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश लगातार अपनी नीतियों में सुधार कर रहा है. कानून-व्यवस्था में सुधार और निवेश के लिए बेहतर माहौल बनाने की दिशा में काम किया गया है.
मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले नौ वर्षों में राज्य के बजट, सकल राज्य घरेलू उत्पाद और प्रति व्यक्ति आय में करीब तीन गुना बढ़ोतरी हुई है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और निवेश के साथ नए उद्योगों के लिए भी तेजी से आगे बढ़ रहा है.
भारत-जापान संबंधों को और मजबूत करने पर जोर
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत और जापान दोनों की अपनी समृद्ध संस्कृति और पुराना इतिहास है. उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को दो संस्कृतियों और सभ्यताओं के बीच मजबूत जुड़ाव बताया. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि उत्तर प्रदेश-जापान निवेश सम्मेलन से भारत-जापान के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और जापान के यामानाशी प्रांत के संबंध भी और मजबूत होंगे.
उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक तरक्की को पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है. देश लगातार मजबूत आर्थिक वृद्धि की ओर बढ़ रहा है. इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना, एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड के अध्यक्ष शिंगो हानाडा और स्पार्क मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक आकाश मिंडा समेत कई अधिकारी और उद्योग जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें- भारत ने पाकिस्तान को फिर चटाई धूल! 5-3 से जीतकर Hockey World Cup के अगले राउंड में बनाई जगह