भारत ने पाकिस्तान को फिर चटाई धूल! 5-3 से जीतकर Hockey World Cup के अगले राउंड में बनाई जगह

Hockey World Cup: पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला हो और उसमें भारतीय टीम का दबदबा देखने को मिले, तो जीत का रोमांच अपने आप कई गुना बढ़ जाता है. FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के पूल D के आखिरी मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला.

india-beat-pakistan-hockey-world-cup-2026
Image Source: Social Media

Hockey World Cup: पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला हो और उसमें भारतीय टीम का दबदबा देखने को मिले, तो जीत का रोमांच अपने आप कई गुना बढ़ जाता है. FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के पूल D के आखिरी मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला. नीदरलैंड के एम्सटेलवीन में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा और आखिरकार 5-3 के अंतर से शानदार जीत दर्ज की. इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट के अगले राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली. कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल दागकर जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि अभिषेक ने भी दो गोल किए.

शुरुआत से ही भारत ने बनाई पकड़

भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण था. टूर्नामेंट के पहले मैच में वेल्स को 3-1 से हराने के बाद भारत को इंग्लैंड के खिलाफ 2-4 से हार झेलनी पड़ी थी. ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी पूल मैच में बेहतर प्रदर्शन करना जरूरी था. हालांकि ड्रॉ भी भारत को अगले दौर में पहुंचाने के लिए पर्याप्त हो सकता था, लेकिन टीम ने किसी तरह की गणना पर निर्भर रहने के बजाय आक्रामक हॉकी खेली. मुकाबले के पांचवें मिनट में ही हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को बढ़त दिलाई. इसके बाद 11वें मिनट में अभिषेक ने गोल करके स्कोर 2-0 कर दिया और भारत ने अपनी मजबूत शुरुआत को बड़े दबाव में बदल दिया.

दूसरे क्वार्टर में चार गोल से बदला मैच

मुकाबले का दूसरा क्वार्टर सबसे रोमांचक रहा, जहां महज कुछ मिनटों के भीतर दोनों टीमों ने गोल की झड़ी लगा दी. 21वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने एक बार फिर पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए भारत की बढ़त 3-0 कर दी. इसके अगले ही मिनट पाकिस्तान ने अपना पहला गोल किया, लेकिन भारतीय टीम ने दबाव कम नहीं होने दिया. 24वें मिनट में अभिषेक ने अपना दूसरा और भारत का चौथा गोल दाग दिया. इसी मिनट पाकिस्तान ने भी एक और गोल करके वापसी की कोशिश की. हाफ टाइम तक भारत 4-2 से आगे था और उसके पास मुकाबले पर मजबूत पकड़ थी.

हार्दिक के गोल ने जीत को किया मजबूत

तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को वापसी का ज्यादा मौका नहीं दिया. हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 5-2 कर दी. आखिरी क्वार्टर में पाकिस्तान ने फिर आक्रामक रुख अपनाया और एक गोल करके अंतर को 5-3 तक जरूर पहुंचाया, लेकिन भारतीय डिफेंस ने इसके बाद कोई और मौका नहीं दिया. निर्धारित समय समाप्त होने तक स्कोर भारत के पक्ष में रहा. पूल D में भारत ने तीन मैचों से छह अंक हासिल करके दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि इंग्लैंड तीनों मुकाबले जीतकर नौ अंकों के साथ शीर्ष पर रहा. पाकिस्तान और वेल्स एक-एक अंक के साथ क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहे और टूर्नामेंट की खिताबी दौड़ से बाहर हो गए.

पाकिस्तान के खिलाफ 21 मैचों से अजेय भारत

पाकिस्तान के खिलाफ इस जीत ने भारतीय हॉकी के दबदबे को एक बार फिर साबित कर दिया. भारत को पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी हार फरवरी 2016 में मिली थी. उसके बाद दोनों टीमों के बीच कुल 21 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 18 मैच अपने नाम किए, जबकि दो मुकाबले ड्रॉ रहे और एक मैच रद्द हो गया. यानी करीब एक दशक से पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम का अजेय अभियान जारी है. अब वर्ल्ड कप के अगले राउंड में भारत के साथ इंग्लैंड भी पहुंचेगा और टीम की नजरें इस शानदार लय को आगे बढ़ाते हुए खिताब की दिशा में एक और मजबूत कदम रखने पर होंगी.

ये भी पढ़ें: श्रीलंका के खिलाफ देवदत्त पडिक्कल ने मचाया धमाल, बने प्लेयर ऑफ द मैच, जानिए कितनी मिली प्राइज मनी