Women's Asia Cup 2026: मंधाना के तूफानी शतक से सेमिफाइनल में पहुंचा भारत, हॉन्ग कॉन्ग को 137 रन से रौंदा

Women's Asia Cup 2026: स्मृति मंधाना ने 57 गेंदों में शतक जड़कर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए, जबकि भारतीय गेंदबाजों ने हॉन्ग कॉन्ग को महज 56 रन पर समेट दिया.

india-women-asia-cup-2026-semifinal-mandhana-century
Image Source: Internet

Women's Asia Cup 2026: टीम इंडिया ने विमेंस एशिया कप 2026 में लगातार दूसरी धमाकेदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है. दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए ग्रुप स्टेज के दूसरे मुकाबले में भारत ने हॉन्ग कॉन्ग को 137 रन के बड़े अंतर से शिकस्त दी. इस जीत की सबसे बड़ी स्टार रहीं उप-कप्तान स्मृति मंधाना, जिन्होंने तूफानी शतक जड़कर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए. अब भारतीय टीम की नजरें 6 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले ग्रुप मुकाबले पर हैं.

मंधाना ने बल्ले से मचाया तूफान

पहले मुकाबले में बड़ी पारी खेलने से चूकीं स्मृति मंधाना ने हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ अपनी पूरी फॉर्म दिखा दी. उन्होंने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट्स लगाए और महज 57 गेंदों में शतक पूरा कर लिया. यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में मंधाना का दूसरा शतक है, जबकि महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में यह उनका 18वां शतक रहा, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है.

मंधाना की इस पारी ने एक और बड़ा इतिहास रचा. उन्होंने महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़ दिया. मंधाना के इंटरनेशनल क्रिकेट में 10,880 रन हो गए, जबकि मिताली राज के नाम 10,868 रन थे. उनकी विस्फोटक पारी के दम पर भारत ने निर्धारित ओवरों में 193 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया.

गेंदबाजों ने हॉन्ग कॉन्ग को 56 रन पर समेटा

193 रन का लक्ष्य हॉन्ग कॉन्ग के लिए पहले ही मुश्किल नजर आ रहा था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने इसे और भी आसान बना दिया. तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने शुरुआत में दबाव बनाया, जिसके बाद स्पिन गेंदबाजों ने हॉन्ग कॉन्ग की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी.

अनुभवी दीप्ति शर्मा की अगुवाई में श्री चरणी और प्रेमा रावत ने शानदार गेंदबाजी की. भारतीय गेंदबाजों के सामने हॉन्ग कॉन्ग की पूरी टीम 16.2 ओवर में सिर्फ 56 रन पर ढेर हो गई. दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट झटके, जबकि श्री चरणी, प्रेमा रावत और नंदनी शर्मा को 2-2 सफलताएं मिलीं. हॉन्ग कॉन्ग की सिर्फ तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सकीं.

दो जीत के साथ सेमीफाइनल में भारत

इस शानदार जीत के साथ भारत ने ग्रुप स्टेज में लगातार दूसरी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. इससे पहले भारतीय टीम ने अपने शुरुआती मुकाबले में भी बड़ी जीत हासिल की थी. पहले मैच में बल्लेबाजों के उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं करने के बावजूद गेंदबाजों ने भारत को 100 से ज्यादा रन के अंतर से जीत दिलाई थी.

अब टीम इंडिया का ग्रुप स्टेज में आखिरी मुकाबला 6 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ होगा. इसके बाद विमेंस एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले 10 सितंबर से खेले जाएंगे. 

ये भी पढ़ें- स्मृति मंधाना ने बल्ले से मचाया तूफान, हांगकांग के खिलाफ जड़ा शतक, दो वर्ल्ड रिकॉर्ड किए ध्वस्त