India on Russsia-Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म कराने की कोशिशों के बीच भारत के प्रस्ताव की यूक्रेन ने तारीफ की है. यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने कहा कि फरवरी 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार भारत ने इसे खत्म करने के लिए एक व्यापक प्रस्ताव सामने रखा है. उनके मुताबिक, यूक्रेन को मिले चार प्रस्तावों में भारत का प्रस्ताव सबसे व्यापक है.
कीव में पत्रकारों से बातचीत में सिबिहा ने बताया कि यूक्रेन को भारत के अलावा तुर्की, मिस्र और अमेरिका से भी युद्धविराम को लेकर प्रस्ताव मिले हैं. उन्होंने कहा कि भारत ने पहली बार इस मामले में अपनी भूमिका निभाने की इच्छा जताई है.
सिबिहा के मुताबिक, यूक्रेन ऊर्जा क्षेत्र और ब्लैक सी में युद्धविराम के लिए तैयार है. इसके साथ ही लाइन ऑफ कॉन्टैक्ट पर बिना शर्त युद्धविराम के विकल्प पर भी विचार किया जा रहा है. हालांकि, यूक्रेन चाहता है कि किसी भी समझौते में सिर्फ सैन्य कार्रवाई रोकने की बात न हो, बल्कि ऊर्जा और बंदरगाहों से जुड़े बुनियादी ढांचे पर हमले भी बंद किए जाएं.
इन देशों से भी मिले प्रस्ताव
भारत के अलावा तुर्की और मिस्र ने ब्लैक सी में युद्धविराम का प्रस्ताव दिया है. इसका मकसद ऐसा माहौल तैयार करना है, जिससे यूक्रेन के अनाज का निर्यात फिर से शुरू हो सके. वहीं अमेरिका की ओर से ऊर्जा से जुड़े बुनियादी ढांचे पर हमले रोकने का प्रस्ताव दिया गया है.
सिबिहा ने कहा कि यूक्रेन अलग-अलग तरह के युद्धविराम पर विचार करने के लिए तैयार है. हालांकि, कीव की शर्त है कि ऊर्जा क्षेत्र और ब्लैक सी को लेकर युद्धविराम को एक साथ लागू किया जाए. इसमें ऊर्जा संयंत्रों के साथ-साथ बंदरगाहों से जुड़े बुनियादी ढांचे को भी हमलों से बाहर रखा जाना चाहिए.
पुतिन ने भी की मोदी की तारीफ
इसी बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की तारीफ की है. वाल्दाई डिस्कशन क्लब की बैठक में पुतिन ने कहा कि मोदी रूस के साथ अच्छे रिश्ते होने के बावजूद हर मुलाकात में यूक्रेन संघर्ष को खत्म करने का मुद्दा उठाते हैं. उन्होंने कहा कि मोदी के पास इस संघर्ष का समाधान निकालने को लेकर अच्छे विचार हैं.
पुतिन ने कहा कि मोदी इस मामले में निष्पक्ष रुख रखते हैं और साथ ही युद्ध को खत्म करने में उनकी दिलचस्पी भी है. उन्होंने यूक्रेन संघर्ष को शांतिपूर्ण तरीके से जल्द खत्म करने की कोशिशों के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया.
ये भी पढ़ें- 'ऑपरेशन सिंदूर' में पाकिस्तान के कौन-कौन से ठिकाने हुए तबाह? एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने किया खुलासा