गॉल टेस्ट में टीम इंडिया ने श्रीलंका को 165 रनों से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज में शानदार शुरुआत की. इस जीत के कई हीरो रहे, लेकिन युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल का प्रदर्शन सबसे ज्यादा चर्चा में रहा. पडिक्कल ने पहली पारी में 167 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचाया और दूसरी पारी में भी 44 रन बनाकर अहम योगदान दिया. उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. अब फैंस के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस अवॉर्ड के साथ उन्हें कितनी पुरस्कार राशि मिली.
पडिक्कल को मिली इतनी प्राइज मनी
देवदत्त पडिक्कल को गॉल टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच बनने पर 2 हजार अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि मिली. भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत करीब 1 लाख 92 हजार रुपये बैठती है. पडिक्कल के लिए यह मुकाबला बेहद खास रहा, क्योंकि उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाते हुए पहली पारी में 167 रन बनाए. इसके बाद दूसरी पारी में भी 44 रनों की उपयोगी पारी खेली. उनके प्रदर्शन ने न सिर्फ भारत की जीत की नींव मजबूत की, बल्कि उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी बनाया.
Devdutt Padikkal won Player Of The Match award. pic.twitter.com/cOZ4EMiM5z
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) August 19, 2026
पहली पारी में भारत ने बनाया विशाल स्कोर
मुकाबले में टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. देवदत्त पडिक्कल की 167 रनों की पारी और दूसरे बल्लेबाजों के योगदान से टीम इंडिया ने पहली पारी में 462 रन बनाए. जवाब में श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने 284 रन पर सिमट गई और भारत को 178 रनों की अहम बढ़त मिली. दूसरी पारी में ऋषभ पंत ने अर्धशतक लगाया, जबकि पडिक्कल ने 44 रन बनाकर टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया. भारत ने दूसरी पारी में 193 रन बनाए और श्रीलंका के सामने 372 रनों का लक्ष्य रखा.
मानव सुथार ने गेंद से मचाया कहर
372 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम दूसरी पारी में 206 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत ने 165 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया. टीम इंडिया की गेंदबाजी में युवा मानव सुथार ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने पहली पारी में चार विकेट लेने के बाद दूसरी पारी में छह विकेट चटकाए. इस तरह पूरे मैच में उनके खाते में कुल 10 विकेट आए. बल्लेबाजी में पडिक्कल और गेंदबाजी में सुथार के दमदार प्रदर्शन ने भारत को गॉल में यादगार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
ये भी पढ़ें: IND vs SL: दूसरे ही टेस्ट में मानव सुथार का धमाल, 10 विकेट लेकर दिग्गजों की खास सूची में शामिल