IND vs WI: तिरुवनंतपुरम ODI में कोहली-गिल का जलवा, भारत ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से रौंदा

IND vs WI 1st ODI: तिरुवनंतपुरम के लिए एक बार फिर टीम इंडिया ने यादगार पल बना दिया. करीब साढ़े तीन साल बाद इस शहर में वनडे मैच खेला गया और भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराकर मुकाबले को खास बना दिया.

IND vs WI virat Kohli shubham Gill Thiruvananthapuram ODI India crush West Indies by 8 wickets
Image Source: Social Media


IND vs WI 1st ODI: तिरुवनंतपुरम के लिए एक बार फिर टीम इंडिया ने यादगार पल बना दिया. करीब साढ़े तीन साल बाद इस शहर में वनडे मैच खेला गया और भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराकर मुकाबले को खास बना दिया. रविवार 27 सितंबर को ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे में वेस्टइंडीज ने जस्टिन ग्रीव्स के शतक की मदद से 295 रन बनाए थे. इसके जवाब में विराट कोहली और कप्तान शुभमन गिल के शानदार शतकों की बदौलत भारत ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया.

इस जीत के साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. मुकाबले में बल्लेबाजों ने जमकर रन बनाए, लेकिन भारतीय टीम की जीत में कुलदीप यादव की गेंदबाजी भी अहम रही.

कुलदीप ने पलटा मैच का रुख

वेस्टइंडीज के खिलाफ इस मुकाबले में कुलदीप यादव ने अपनी खास चाइनामैन गेंदबाजी से असर छोड़ा. उनके अलावा भारतीय गेंदबाजों को ज्यादा सफलता नहीं मिली. खासकर उस समय कुलदीप ने टीम को संभाला, जब वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाजों ने शतकीय साझेदारी करके भारत पर दबाव बना दिया था.

जॉन कैंपबेल और जस्टिन ग्रीव्स ने पारी की शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया. दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए और फिर मिलकर शतकीय साझेदारी कर डाली. भारत में किसी विंडीज जोड़ी की 24 साल बाद यह पहली शतकीय साझेदारी थी.

कैंपबेल के आउट होते ही बदला खेल

वेस्टइंडीज की पारी को मजबूत बना रही इस साझेदारी को कुलदीप यादव ने तोड़ा. उन्होंने जॉन कैंपबेल को आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई. इसके बाद भारतीय टीम ने मैच में वापसी शुरू कर दी.

हालांकि दूसरी तरफ जस्टिन ग्रीव्स क्रीज पर टिके रहे और उन्होंने अपना पहला वनडे शतक पूरा किया. लेकिन 198 रन के स्कोर तक वेस्टइंडीज के 5 विकेट गिर चुके थे और इनमें से 4 विकेट कुलदीप यादव के खाते में आए.

जांगू ने संभाली पारी

वेस्टइंडीज की पारी के आखिरी ओवरों में आमिर जांगू ने तेजी से रन बनाए. उन्होंने 58 रन की तेज पारी खेलकर टीम के स्कोर को एक सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाया. ग्रीव्स के शतक और जांगू की तेज पारी की मदद से वेस्टइंडीज ने भारत के सामने 296 रन का लक्ष्य रखा.

लेकिन इसके बाद विराट कोहली और शुभमन गिल ने शतकीय पारियां खेलकर वेस्टइंडीज के इस स्कोर को बौना साबित कर दिया और भारत ने 8 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया.

ये भी पढ़ें- अफगान महिला को पाकिस्तानी मंत्री ने ऐसा क्या बोला, जिससे भड़क गए लोग? देखें VIDEO