IND vs WI 1st ODI: वेस्टइंडीज की टीम इस समय भारत के दौरे पर है. कैरेबियाई टीम यहां भारत के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज और इसके बाद पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी. वनडे सीरीज का पहला मुकाबला रविवार, 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच से पहले जानते हैं कि इस मैदान की पिच कैसी रहने वाली है और यहां बल्लेबाजों या गेंदबाजों में से किसे ज्यादा मदद मिल सकती है.
टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए कुछ युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया है. घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले आकिब नबी डार को टीम में शामिल किया गया है. वहीं नमन धीर को भी पहली बार वनडे टीम में जगह मिली है. शुभमन गिल भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि वेस्टइंडीज की कमान शाई होप के हाथों में होगी. विराट कोहली और रोहित शर्मा भी इस सीरीज में खेलते नजर आएंगे.
हेड टू हेड में कौन आगे?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक 142 वनडे मैच खेले गए हैं. इनमें भारतीय टीम ने 72 मुकाबले जीते हैं, जबकि वेस्टइंडीज ने 64 मैचों में जीत दर्ज की है. दोनों टीमों के बीच दो मुकाबले टाई रहे हैं. वहीं चार मैचों का कोई नतीजा नहीं निकल सका.
भारत बनाम वेस्टइंडीज पहले वनडे की पिच रिपोर्ट
पहला वनडे तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैदान की पिच पर गेंद और बल्ले के बीच अच्छा मुकाबला देखने को मिलता है. मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को पिच से मदद मिल सकती है. हालांकि, जैसे-जैसे मुकाबला आगे बढ़ता है, बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान हो जाता है.
शुरुआत में नए बल्लेबाजों के लिए तेज गेंदबाज परेशानी खड़ी कर सकते हैं. लेकिन अगर कोई बल्लेबाज पिच पर टिक जाता है तो उसके लिए बड़े शॉट लगाना और रन बनाना आसान हो सकता है.
कितने बजे शुरू होगा मैच?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला वनडे रविवार को दोपहर 2 बजे शुरू होगा. मुकाबले का टॉस दोपहर 1:30 बजे होगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेला जाएगा.
ये भी पढ़ें- IND vs WI: भारत-वेस्टइंडीज पहले वनडे पर बारिश का साया, तिरुवनंतपुरम के मौसम पर आया बड़ा अपडेट