IND A vs SL: वैभव सूर्यवंशी के तूफान में उड़ा श्रीलंका, इंडिया ए ने जीता ट्राई सीरीज का खिताब

IND A vs SL A: दांबुला में खेले गए ट्राई सीरीज के फाइनल में इंडिया ए ने श्रीलंका ए को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. तिलक वर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन किया.

IND A vs SL A Sri Lanka blown away by Vaibhav Suryavanshi storm India A wins tri-series title.
Image Source: Social Media

IND A vs SL A: दांबुला में खेले गए ट्राई सीरीज के फाइनल में इंडिया ए ने श्रीलंका ए को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. तिलक वर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन किया.

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया ए ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 377 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. जवाब में श्रीलंका ए की टीम 47.1 ओवर में 311 रन पर ऑलआउट हो गई.

वैभव सूर्यवंशी ने मचाया धमाल

फाइनल मुकाबले में सबसे ज्यादा चर्चा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की रही. उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेली. उनकी इस पारी में चौकों और छक्कों की बरसात देखने को मिली. इसी तेज शुरुआत ने भारत की जीत की नींव रख दी.

तिलक वर्मा ने भी निभाई कप्तानी पारी

वैभव के अलावा कप्तान तिलक वर्मा ने 67 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. वहीं प्रियांश आर्या और अनुकूल रॉय ने 39-39 रन का योगदान दिया. इन बल्लेबाजों की मदद से भारतीय टीम 377 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रही.

यश ठाकुर ने दिलाई शुरुआती सफलता

378 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम ने 33 रन के भीतर अपने दो अहम विकेट गंवा दिए. तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने शुरुआती झटके देकर श्रीलंका को दबाव में ला दिया. इसके बाद श्रीलंकाई बल्लेबाज लगातार रन बनाने की कोशिश में विकेट गंवाते रहे.

गेंदबाजों ने किया जीत का काम पूरा

श्रीलंका की ओर से वनुजा सहान ने 62 रन और सदीरा समराविक्रमा ने 52 रन बनाए, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके. भारत की तरफ से यश ठाकुर और विपराज निगम ने 3-3 विकेट लिए. वहीं अनुकूल रॉय ने 2 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई.

अब टेस्ट सीरीज की बारी

ट्राई सीरीज जीतने के बाद अब इंडिया ए की टीम 25 जून से श्रीलंका ए के खिलाफ दो मैचों की अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज खेलेगी. इस सीरीज में टीम की कप्तानी ध्रुव जुरेल के हाथों में होगी और भारतीय खिलाड़ी जीत का सिलसिला जारी रखने की कोशिश करेंगे.

ये भी पढ़ें- IND vs ENG: इंग्लैंड वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, विराट-बुमराह की वापसी, कौन हुआ बाहर?