IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की चिंताएं भी बढ़ती नजर आ रही हैं. टूर्नामेंट के दौरान सामने आई कुछ घटनाओं और सुरक्षा एजेंसियों से मिली गोपनीय सूचनाओं के बाद बोर्ड अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. इसी को देखते हुए BCCI ने सभी फ्रेंचाइजियों, खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए सात पन्नों की एक सख्त एडवाइजरी जारी की है.
इस नई गाइडलाइन में खिलाड़ियों की सुरक्षा, मैच की गरिमा और एंटी-करप्शन नियमों को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए हैं. बोर्ड ने साफ कर दिया है कि अब किसी भी तरह की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
फ्रेंचाइजी CEOs की बैठक बुलाएगा BCCI
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक BCCI ने सभी टीमों को एडवाइजरी भेजने के साथ-साथ इस सप्ताह फ्रेंचाइजी CEOs की एक अहम बैठक भी बुलाई है. इस मीटिंग में टीम मालिकों और अधिकारियों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए जाएंगे.
बताया जा रहा है कि BCCI की एंटी-करप्शन यूनिट (ACU) ने बोर्ड को कई संवेदनशील जानकारियां दी हैं. इनमें टीम डगआउट, होटल और टीम बसों में अनधिकृत लोगों की मौजूदगी से जुड़े इनपुट भी शामिल हैं. बोर्ड का मानना है कि इस तरह की लापरवाही भविष्य में बड़े विवाद या सुरक्षा खतरे का कारण बन सकती है.
टीम बस और होटल में दिखे बाहरी लोग
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि कुछ मामलों में बाहरी लोगों को टीम बस, होटल और डगआउट एरिया में घूमते देखा गया. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और टीम स्टाफ के व्यवहार से जुड़े नियम IPL की शुरुआत से ही लागू हैं, लेकिन हाल के समय में कई लोग इन नियमों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं.
सैकिया के अनुसार बोर्ड अब इस तरह की घटनाओं पर सख्त रवैया अपनाएगा और किसी भी उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि एंटी-करप्शन यूनिट लगातार सक्रिय है और कई मामलों की निगरानी कर रही है.
राजस्थान रॉयल्स से जुड़े दो मामले चर्चा में
BCCI ने जिन दो घटनाओं की आधिकारिक पुष्टि की है, वे दोनों राजस्थान रॉयल्स टीम से जुड़ी बताई जा रही हैं. पहले मामले में टीम मैनेजर को डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था, जिसके बाद उन पर जुर्माना लगाया गया.
वहीं दूसरा मामला टीम कप्तान रियान पराग से जुड़ा है. सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते नजर आए थे. BCCI इस मामले की जांच अभी भी कर रहा है और आगे अतिरिक्त कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.
BCCI की नई गाइडलाइन में क्या-क्या शामिल?
1. खिलाड़ियों को हनी-ट्रैप से बचने की चेतावनी
BCCI ने खिलाड़ियों, खासकर हाई-प्रोफाइल क्रिकेटरों को हनी-ट्रैप जैसे मामलों से सतर्क रहने को कहा है. बोर्ड का मानना है कि खिलाड़ियों को फंसाकर गंभीर कानूनी विवाद या मैच फिक्सिंग जैसी गतिविधियों में शामिल करने की कोशिश हो सकती है. सभी टीमों को हर समय सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.
2. होटल के कमरों में बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक
नई गाइडलाइन के अनुसार बिना टीम मैनेजर की लिखित अनुमति के कोई भी बाहरी व्यक्ति खिलाड़ी या सपोर्ट स्टाफ के कमरे में नहीं जा सकेगा. खिलाड़ियों को अपने मेहमानों से केवल होटल की लॉबी या सार्वजनिक क्षेत्रों में मिलने की अनुमति होगी.
3. होटल से बाहर जाने पर सुरक्षा मंजूरी जरूरी
BCCI ने पाया कि कुछ खिलाड़ी सुरक्षा अधिकारियों को बताए बिना होटल से बाहर चले जाते हैं. अब खिलाड़ियों को होटल से बाहर जाने से पहले टीम सुरक्षा अधिकारी (SLO/TIO) से अनुमति लेना अनिवार्य होगा. साथ ही खिलाड़ियों की मूवमेंट का रिकॉर्ड भी रखा जाएगा.
4. हर समय आईडी कार्ड पहनना अनिवार्य
बोर्ड ने खिलाड़ियों को स्टेडियम, होटल और प्रैक्टिस सेशन के दौरान हर समय अपना पहचान पत्र (ID Card) पहनने का निर्देश दिया है. बताया गया कि कई खिलाड़ी सुरक्षा जांच के दौरान आईडी दिखाने में लापरवाही कर रहे थे.
5. मैच के दौरान मालिक नहीं मिल सकेंगे खिलाड़ियों से
नई एडवाइजरी के मुताबिक मैच के दौरान टीम मालिक खिलाड़ियों से सीधे संपर्क नहीं कर सकेंगे. उन्हें डगआउट या ड्रेसिंग रूम में जाकर खिलाड़ियों से बात करने, गले मिलने या जश्न मनाने की अनुमति नहीं होगी. BCCI का कहना है कि यह नियम मैच की गरिमा और प्रोफेशनल माहौल बनाए रखने के लिए जरूरी है.
6. ड्रेसिंग रूम और होटल में वेपिंग पूरी तरह बैन
BCCI ने साफ किया है कि ड्रेसिंग रूम, टीम होटल और डगआउट एरिया में वेपिंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. बोर्ड ने याद दिलाया कि भारत में ई-सिगरेट गैरकानूनी है और ऐसा करते पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है.
खिलाड़ियों की पर फोकस
BCCI का कहना है कि IPL दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीगों में से एक है और इसकी साख बनाए रखना बेहद जरूरी है. इसी वजह से बोर्ड अब खिलाड़ियों की सुरक्षा, मैच की निष्पक्षता और टूर्नामेंट की प्रतिष्ठा को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता.
आने वाले दिनों में BCCI और ACU की निगरानी और सख्त हो सकती है. माना जा रहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना, सस्पेंशन या अन्य अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है.
ये भी पढ़ें- Love Rashifal: इन राशि वालों की लव लाइफ में बढ़ेगी टेंशन, किसे मिलेगा रोमांस? पढ़ें आज का लव राशिफल