राजधानी की सांसों में घुलने लगा जहर, दिल्ली-NCR में लागू हुआ GRAP-1, जानें किन कार्यों पर रहेगा प्रतिबंध

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में वायु प्रदूषण एक बार फिर गंभीर स्तर पर पहुंच गया है. मंगलवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 211 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है.

GRAP-1 implemented due to rising pollution in Delhi NCR
Image Source: ANI

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में वायु प्रदूषण एक बार फिर गंभीर स्तर पर पहुंच गया है. मंगलवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 211 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का पहला चरण यानी GRAP-1 तुरंत लागू करने का आदेश दिया है.

GRAP-1 कब और क्यों लागू होता है?

GRAP-1 तब लागू किया जाता है जब वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 से ऊपर चला जाता है. मंगलवार को दिल्ली का AQI 211 होने के कारण यह कदम उठाया गया है. इस योजना के तहत सभी संबंधित विभाग पूरे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में कड़ी निगरानी करेंगे और प्रदूषण को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाएंगे. CAQM की उप-समिति समय-समय पर स्थिति का आकलन करती रहेगी और आवश्यकतानुसार कार्रवाई तेज करेगी.

GRAP-1 के तहत क्या पाबंदियां लगाई जाती हैं?

  • पुराने और प्रदूषित डीजल व पेट्रोल वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा.
  • खुले में कचरा जलाने (बायोमास बर्निंग) पर सख्त रोक और कार्रवाई.
  • होटल, रेस्टोरेंट और भोजनालयों में कोयला या लकड़ी का उपयोग पूरी तरह बंद करने का आदेश.

दिल्ली का वायु गुणवत्ता स्तर कैसा है?

  • अच्छा: 0-50
  • संतोषजनक: 51-100
  • मध्यम: 101-200
  • खराब: 201-300
  • बहुत खराब: 301-400

GRAP-1 के तहत नागरिकों के लिए सुझाव

  • अपने वाहनों के इंजन को सही से सर्विस करवाएं और टायर का दबाव सही रखें.
  • पीयूसी (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र) को अपडेट रखें.
  • लाल बत्ती पर इंजन बंद करें और वाहन को लंबे समय तक आइडल न रखें.
  • जहां संभव हो, हाइब्रिड या इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल बढ़ाएं.
  • खुले में कचरा न फेंकें और साफ-सफाई का खास ध्यान रखें.
  • प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों की रिपोर्ट 311 ऐप, ग्रीन दिल्ली ऐप, या समीर ऐप के जरिए करें.
  • ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाएं और हरियाली को बढ़ावा दें.
  • त्योहारों में पटाखों से बचें और पर्यावरण के अनुकूल तरीके अपनाएं.
  • पुराने डीजल और पेट्रोल वाहन (10-15 साल से अधिक पुराने) चलाने से बचें.

ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में प्रदूषण नियंत्रण के लिए GRAP स्टेज-1 लागू, ये गलती की तो लगेगा भारी भरकम जुर्माना