दुनिया की टॉप-10 मिलिट्री पावर में भारत का दबदबा, पाकिस्तान को झटका; देखें ग्लोबल फायरपावर की लिस्ट

ग्लोबल फायरपावर ने साल 2026 की सैन्य ताकत से जुड़ी रैंकिंग जारी की है. इसमें 145 देशों की पारंपरिक सैन्य क्षमताओं का आकलन किया गया है.

Global Firepower list 2026 India Military Power Know Top 10 Army Ranking
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Global Firepower 2026: ग्लोबल फायरपावर ने साल 2026 की सैन्य ताकत से जुड़ी रैंकिंग जारी की है. इसमें 145 देशों की पारंपरिक सैन्य क्षमताओं का आकलन किया गया है. इस सूची में भारत चौथे स्थान पर बना हुआ है, जबकि पाकिस्तान 14वें नंबर पर है. रैंकिंग में अमेरिका पहले, रूस दूसरे और चीन तीसरे स्थान पर है.

भारत का दबदबा बरकरार, चौथे स्थान पर काबिज

ग्लोबल फायरपावर की 2026 की सूची में भारत को 0.1346 का पावर इंडेक्स स्कोर मिला है. इस रैंकिंग के मुताबिक, एशिया में चीन के बाद भारत दूसरी सबसे बड़ी सैन्य शक्ति है.

भारत के पास करीब 14.31 लाख सक्रिय सैनिक और 10 लाख रिजर्व सैनिक हैं. इसके अलावा, देश में 25.2 लाख से ज्यादा अर्द्धसैनिक बलों के जवान हैं.

भारतीय सेना के पास 3,800 से ज्यादा टैंक, 15 हजार से अधिक बख्तरबंद वाहन और 3,900 से ज्यादा तोपें हैं. तेजस लड़ाकू विमान, पिनाका रॉकेट सिस्टम, प्रचंड हेलिकॉप्टर और स्वदेशी विमानवाहक पोत INS विक्रांत जैसे हथियार भारत की सैन्य क्षमता को मजबूत करते हैं.

भारतीय वायुसेना के पास 2,200 से ज्यादा सैन्य विमान हैं. इनमें राफेल, सुखोई Su-30MKI, मिराज 2000, मिग-29 और स्वदेशी तेजस जैसे लड़ाकू विमान शामिल हैं.

वहीं, भारतीय नौसेना के पास दो विमानवाहक पोत INS विक्रमादित्य और INS विक्रांत हैं. इसके अलावा, नौसेना के बेड़े में 18 से ज्यादा पनडुब्बियां, विध्वंसक पोत और फ्रिगेट भी शामिल हैं.

अमेरिका नंबर-1, रूस और चीन टॉप-3 में शामिल

2026 की रैंकिंग में अमेरिका 0.0741 के पावर इंडेक्स स्कोर के साथ पहले स्थान पर है. रूस 0.0791 स्कोर के साथ दूसरे और चीन 0.0919 स्कोर के साथ तीसरे नंबर पर है.

भारत 0.1346 स्कोर के साथ चौथे स्थान पर है. इसके बाद दक्षिण कोरिया पांचवें, फ्रांस छठे, जापान सातवें, ब्रिटेन आठवें, तुर्की नौवें और इटली दसवें नंबर पर है.

वहीं, पाकिस्तान 0.2626 स्कोर के साथ 14वें स्थान पर है. ईरान को 0.3199 स्कोर मिला है और वह 16वें नंबर पर है.

पाकिस्तान की स्थिति कमजोर, 14वें स्थान पर

ग्लोबल फायरपावर की सूची में पाकिस्तान 14वें स्थान पर है. आर्थिक चुनौतियों और सैन्य उपकरणों के आधुनिकीकरण में आने वाली मुश्किलों को उसकी सैन्य क्षमता से जुड़ी चुनौतियों में गिना जाता है.

पाकिस्तान के पास करीब 6.60 लाख सक्रिय सैनिक और 5.50 लाख रिजर्व सैनिक हैं. उसकी वायुसेना में कुल 1,397 सैन्य विमान हैं, जिनमें 331 लड़ाकू विमान शामिल हैं. इनमें चीन से मिले J-10C और संयुक्त रूप से विकसित JF-17 जैसे विमान भी हैं.

पाकिस्तानी नौसेना के पास फिलहाल कोई विमानवाहक पोत नहीं है. उसके बेड़े में 9 फ्रिगेट और 8 पनडुब्बियां शामिल हैं. पाकिस्तान ने चीन से 8 नई पनडुब्बियां खरीदने का समझौता किया है. इनकी डिलीवरी शुरू हो चुकी है और आने वाले वर्षों में इन्हें बेड़े में शामिल किए जाने की योजना है.