इटावा में रफ्तार का कहर! दो डंपरों की भीषण टक्कर, बेकाबू वाहन दुकान में घुसा; दुकानदार की मौत, 3 घायल

Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दुकान पर बैठे करीब 60 वर्षीय दुकानदार की जान चली गई.

Etawah Dumper Collision Kills Shopkeeper Three Injured
Image Source: Social Media

Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दुकान पर बैठे करीब 60 वर्षीय दुकानदार की जान चली गई. चौबिया थाना क्षेत्र के जैनपुर चौबिया में तेज रफ्तार दो डंपरों की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर के बाद एक डंपर बेकाबू होकर सड़क किनारे बनी दुकान में जा घुसा, जिसके नीचे दबने से दुकानदार राममिलन यादव की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में डंपर चालक और परिचालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

आमने-सामने भिड़े दोनों डंपर

जानकारी के मुताबिक, एक डंपर गिट्टी लादकर इटावा से मैनपुरी की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा खाली डंपर मैनपुरी से इटावा की तरफ आ रहा था. जैनपुर चौबिया के पास दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर के बाद एक डंपर अनियंत्रित होकर दुकान में घुस गया, जहां उस समय राममिलन यादव बैठे थे. डंपर की चपेट में आने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. डंपर में फंसे घायलों को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया. चालक और परिचालक के अलावा दुकान पर सामान लेने आया एक व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. वहीं, एक डंपर चालक के हादसे के बाद मौके से फरार होने की बात सामने आई है.

तीन घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलने पर चौबिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया. दुकान के ऊपर डंपर फंस जाने के कारण उसे हटाने के लिए जेसीबी और क्रेन की मदद ली गई. करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद डंपर को हटाया जा सका. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू कर दी है.

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने राममिलन यादव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसे की जानकारी मिलते ही उनके परिजन मौके पर पहुंच गए, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर जमा हो गए. पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश कर रही है और दोनों वाहनों की टक्कर के कारणों की भी जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें: पहले पत्नी को मारा, फिर 3 बेटियों को उतारा मौत के घाट... जयपुर में दिल दहला देने वाला हत्याकांड