Sarah Khalifa: इंस्टाग्राम पर 25 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स वाली मिस्र की मशहूर टीवी प्रेजेंटर और बिजनेसवुमन सारा खलीफा को मौत की सजा सुनाई गई है. सारा मिस्र की जानी-मानी हस्तियों में शामिल हैं. उन्हें ड्रग्स से जुड़े एक मामले में दोषी ठहराया गया है. मिस्र की अदालत ने सारा खलीफा समेत 12 अन्य लोगों को भी मौत की सजा सुनाई है.
अदालत के मुताबिक सारा से जुड़ा यह समूह एक संगठित आपराधिक गिरोह के तौर पर काम कर रहा था. आरोप है कि गिरोह विदेशों से ड्रग्स बनाने का कच्चा माल मंगवाता था और उससे सिंथेटिक ड्रग्स तैयार कर बाजार में बेचता था.
जांच के दौरान अधिकारियों ने 750 किलोग्राम से ज्यादा नशीले पदार्थ और ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल बरामद किया. इसके अलावा दो ऐसे अपार्टमेंट भी मिले, जिन्हें कथित तौर पर ड्रग्स बनाने की प्रयोगशाला के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था. इन जगहों से बड़ी संख्या में अवैध हथियार भी बरामद किए गए.
सारा खलीफा ने आरोपों को नकारा, कहा- कभी सिगरेट तक नहीं पी
39 साल की सारा खलीफा ने अदालत में खुद को निर्दोष बताया और सभी आरोपों से इनकार किया. उनका कहना है कि उन्होंने अपनी जिंदगी में कभी सिगरेट तक नहीं पी. सारा ने दावा किया कि उन्होंने ड्रग्स पहली बार तभी देखी, जब एंटी-नारकोटिक्स विभाग के दफ्तर में उनके साथ इनकी तस्वीरें खींची गईं. सारा के वकील ने अदालत के फैसले के खिलाफ अपील करने की बात कही है.
बताया गया है कि काहिरा की आपराधिक अदालत ने पिछले महीने ही मामले में सजा का फैसला किया था. हालांकि मिस्र के कानून के तहत मौत की सजा को धार्मिक राय के लिए देश के ग्रैंड मुफ्ती के पास भेजा जाता है. मुफ्ती की मंजूरी के बाद सितंबर 2026 में सजा की आधिकारिक पुष्टि कर दी गई.
कौन हैं सारा खलीफा?
सारा खलीफा मिस्र की लोकप्रिय टीवी हस्तियों में से एक हैं. वह अपने चर्चित शो 'मिशन इम्पॉसिबल' के लिए जानी जाती हैं. इस कार्यक्रम में सुरक्षा और अपराध से जुड़े गंभीर मामलों पर चर्चा की जाती थी.
सारा सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हैं. इंस्टाग्राम पर उनके 25 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. टीवी की दुनिया में पहचान बनाने के अलावा वह कारोबार भी करती हैं. उनके पास कॉस्मेटिक और प्लास्टिक सर्जरी क्लिनिक है. इसके साथ ही वह कार्यक्रमों और पार्टियों के आयोजन से जुड़ी एक प्रोडक्शन कंपनी की मालकिन भी हैं.
सारा ने 2016 में मिस्र के मशहूर फुटबॉलर महमूद अब्देल मोनीम से शादी की थी. हालांकि यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला और बाद में दोनों का तलाक हो गया. महमूद अब्देल मोनीम को फुटबॉल की दुनिया में महमूद काहराबा के नाम से जाना जाता है. ड्रग्स मामले के अलावा सारा खलीफा पर अपने ड्राइवर के साथ मारपीट करने और उसे बंधक बनाने का भी आरोप है.
ये भी पढ़ें- शहबाज-मुनीर के हाथ से निकला बलूचिस्तान, बोरिया-बिस्तर बांध कर निकला जिगरी दोस्त, उठे सवाल