Dubai Prince Smit Machchhar Meeting: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रक्षा मंत्री और दुबई के प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मखतूम ने फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से मुलाकात की है. प्रिंस हमदान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की तस्वीर शेयर की और पायलट की बहादुरी की तारीफ की.
प्रिंस हमदान ने स्मित मच्छार को ‘रियल हीरो’ बताया. उन्होंने कहा कि मच्छार ने जिस तरह हिम्मत और जिम्मेदारी दिखाई, वह काबिल-ए-तारीफ है. उन्होंने कहा कि यूएई के नेतृत्व की तरफ से भी पायलट को पूरी सराहना मिल रही है. प्रिंस ने यह भी कहा कि उन्हें गर्व है कि स्मित मच्छार उनकी टीम और यूएई की कहानी का हिस्सा हैं.
प्रिंस हमदान ने एक्स पर क्या लिखा?
प्रिंस हमदान ने एक्स पर लिखा कि कैप्टन स्मित मच्छार ने हिम्मत, जिम्मेदारी और इंसानी जिंदगी की परवाह की मिसाल पेश की है. उन्होंने कहा कि मच्छार ने वही भावना दिखाई, जिसके लिए यूएई जाना जाता है.
उन्होंने लिखा कि यूएई को ऐसे लोगों पर गर्व है, जो दयालुता, शांति और इंसानी जिंदगी को महत्व देते हैं. प्रिंस हमदान ने स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि वह यूएई की टीम का अहम हिस्सा हैं.
أثناء زيارة " سميت ماتشهار" .. طيار فلاي دبي الذي جسد أعلى درجات الشجاعة والمسؤولية والحرص على حياة الناس.
— Hamdan bin Mohammed (@HamdanMohammed) October 3, 2026
له منا ومن قيادة الدولة كل التقدير والثناء..
فخورين بأن يكون جزء من فريقنا.. وجزء من قصة وطننا .. وجزء من تجربتنا الإنسانية في دولة الإمارات .. وطن المحبة .. ووطن السلام… pic.twitter.com/L2sSUhAPe7
स्मित मच्छार की सेहत में सुधार
भारतीय दूतावास ने बताया है कि कैप्टन स्मित मच्छार की हालत में सुधार हो रहा है. उनका इलाज चल रहा है और डॉक्टर उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं. दूतावास ने कहा कि वह मच्छार के परिवार और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए हर संभव मदद दी जा रही है.
बुधवार को दुबई से इजराइल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में यह घटना हुई थी. आरोप है कि को-पायलट ने कॉकपिट में कैप्टन मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. भारतीय दूतावास ने मच्छार को इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यूएई सरकार का भी धन्यवाद किया है.
यूएई ने माना ‘आतंकवादी घटना’
इस मामले की जांच कर रहे यूएई ने इसे ‘आतंकवादी कृत्य’ की कोशिश बताया है. सरकारी समाचार एजेंसी WAM के मुताबिक, यूएई के अटॉर्नी जनरल हमद सैफ अल शम्सी ने कहा कि सह-पायलट ने मच्छार पर हमला किया और विमान पर नियंत्रण करने की कोशिश की.
रिपोर्ट के अनुसार, घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे. इसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को हमलावर को काबू करने का मौका मिला.
हमलावर को-पायलट की हुई पहचान
‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने मामले से जुड़े लोगों के हवाले से बताया कि हमलावर को-पायलट की पहचान ओमान के नागरिक हमाम अल-हमामी के तौर पर हुई है. दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 ने घटना के दौरान इमरजेंसी सिग्नल भेजा था.
इसके बाद विमान की ऊंचाई तेजी से कम हुई और उसका रूट सऊदी अरब के तबूक शहर स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज एयरपोर्ट की तरफ मोड़ दिया गया. विमान में 174 यात्री सवार थे, जिनमें 27 बच्चे भी शामिल थे. हादसे के बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई.
ये भी पढ़ें- Asian Games: हॉकी में फिर बजा भारत का डंका, मलेशिया को हराकर लगातार दूसरी बार जीता गोल्ड