Drishyam 3: 'दृश्यम 3' ने 'हनुमान अंश' को पछाड़ बनाया नया रिकॉर्ड, बनी 2026 की तीसरी सबसे बड़ी फिल्म

अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम 3' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है. रिलीज के महज 9 दिनों में फिल्म ने कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं.

Drishyam 3 surpasses Hanuman Ansh become the third-biggest film of 2026
Image Source: Social Media

Drishyam 3: अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम 3' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है. रिलीज के महज 9 दिनों में फिल्म ने कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं. अब इसने दुनियाभर की कमाई के मामले में 'हनुमान अंश' को भी पीछे छोड़ दिया है. इसके साथ ही 'दृश्यम 3' साल 2026 की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है.

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने भारत में 9 दिनों में 286.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. वहीं, इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 446.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.

'दृश्यम 3' का 9 दिनों का कलेक्शन

'दृश्यम 3' ने पहले दिन 62 करोड़ रुपये की कमाई की थी. दूसरे दिन फिल्म ने 53.50 करोड़ और तीसरे दिन 61 करोड़ रुपये का कारोबार किया. इसके बाद चौथे दिन 21 करोड़, पांचवें दिन 19.50 करोड़, छठे दिन 15.50 करोड़ और सातवें दिन 13 करोड़ रुपये की कमाई हुई. इस तरह पहले हफ्ते में फिल्म का कलेक्शन 245.50 करोड़ रुपये रहा.

वहीं, आठवें दिन फिल्म ने 14.50 करोड़ और नौवें दिन 26.50 करोड़ रुपये कमाए. इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 286.50 करोड़ रुपये हो गया.

दुनियाभर में भी फिल्म का जलवा

वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर भी 'दृश्यम 3' का प्रदर्शन शानदार रहा है. सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने विदेशों में करीब 103 करोड़ रुपये का कारोबार किया है. इसके साथ इसका दुनियाभर का ग्रॉस कलेक्शन 446.80 करोड़ रुपये पहुंच गया.

'हनुमान अंश' को छोड़ा पीछे

'दृश्यम 3' ने वर्ल्डवाइड कमाई के मामले में 'हनुमान अंश' को पीछे कर दिया है. कोईमोई के मुताबिक, 'हनुमान अंश' का दुनियाभर में कुल कलेक्शन 431.72 करोड़ रुपये था. वहीं, 446.80 करोड़ रुपये की कमाई के साथ 'दृश्यम 3' अब 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर है.

साल 2026 की वर्ल्डवाइड कमाई के मामले में 'धुरंधर 2' 1,850.85 करोड़ रुपये के साथ पहले नंबर पर है. वहीं, 'बॉर्डर 2' ने 485.30 करोड़ रुपये की कमाई के साथ दूसरा स्थान हासिल किया है.

फिल्म में नजर आए ये कलाकार

'दृश्यम 3' का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है. फिल्म में अजय देवगन के साथ श्रिया सरन, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव, प्रकाश राज और तब्बू अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म के तीसरे भाग में अक्षय खन्ना की जगह जयदीप अहलावत नजर आ रहे हैं.