Drishyam 3 Box Office Collection Day 3: अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत पकड़ बनाए हुए है. रिलीज के साथ ही फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स से अच्छा रिस्पॉन्स मिला, जिसका सीधा असर कमाई पर भी देखने को मिल रहा है. 2 अक्टूबर की छुट्टी का फायदा उठाने के बाद फिल्म ने महज दो दिनों में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया. अब तीसरे दिन भी फिल्म की कमाई की रफ्तार शानदार बनी हुई है.
तीसरे दिन भी जारी है ‘दृश्यम 3’ की कमाई
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को दोपहर 12 बजे तक ‘दृश्यम 3’ ने 9.53 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था. इस दौरान फिल्म को 4,801 शोज मिले और इसकी ऑक्यूपेंसी 34 फीसदी दर्ज की गई. शुरुआती आंकड़ों को देखते हुए तीसरे दिन के अंत तक फिल्म की कमाई में और इजाफा होने की उम्मीद है.
फिल्म ने अब तक भारत में कुल 125.03 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है. वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 149.85 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. बॉक्स ऑफिस पर जिस तरह फिल्म आगे बढ़ रही है, उससे साफ है कि विजय सालगांवकर की कहानी एक बार फिर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही है.
दो दिन में 100 करोड़ क्लब में एंट्री
‘दृश्यम 3’ ने ओपनिंग डे पर ही शानदार शुरुआत की थी. फिल्म ने पहले दिन 62 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. पहले दिन फिल्म के 15,759 शोज हुए और इसकी ऑक्यूपेंसी 60.1 फीसदी रही. दूसरे दिन भी फिल्म की कमाई में ज्यादा गिरावट नहीं आई और इसने 53.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया.
दूसरे दिन फिल्म को 16,868 शोज मिले, जबकि ऑक्यूपेंसी 48.1 फीसदी दर्ज की गई. पहले और दूसरे दिन की कमाई को मिलाकर फिल्म ने दो दिनों में ही 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया. अब तीसरे दिन के शुरुआती आंकड़े फिल्म के लिए एक और मजबूत दिन की ओर इशारा कर रहे हैं.
विजय सालगांवकर के किरदार में लौटे अजय देवगन
फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आ रहे हैं. उनकी एक्टिंग को दर्शकों की ओर से खूब पसंद किया जा रहा है. फिल्म की कहानी और अजय देवगन के अभिनय के साथ-साथ बाकी कलाकारों की परफॉर्मेंस की भी तारीफ हो रही है. ‘दृश्यम 3’ का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है. फिल्म में अजय देवगन के अलावा तबु, श्रेया सरन, जयदीप अहलावत, प्रकाश राज और रजत कपूर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म की कहानी और सस्पेंस को लेकर भी दर्शकों के बीच काफी चर्चा देखने को मिल रही है.
अक्षय खन्ना ने शूटिंग से पहले छोड़ी थी फिल्म
फिल्म से जुड़ी एक खास बात यह भी है कि अक्षय खन्ना को भी इसका हिस्सा बनाया जाना था. हालांकि, शूटिंग शुरू होने से कुछ दिन पहले उन्होंने फिल्म छोड़ दी थी. इसके बाद फिल्म में उनकी जगह दूसरे कलाकार को शामिल किया गया. करीब 2 घंटे 30 मिनट के रन टाइम वाली ‘दृश्यम 3’ फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है. अब सभी की नजरें इसके तीसरे दिन के फाइनल कलेक्शन और आने वाले दिनों की कमाई पर टिकी हैं. अगर फिल्म की मौजूदा रफ्तार बरकरार रहती है तो आने वाले दिनों में इसके कलेक्शन में और बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है.
ये भी पढ़ें- अजय देवगन की 'Drishyam 3' ने मचाया तहलका, 2 दिन में 100 करोड़ के पार पहुंची कमाई